बर्फबारी से पहले भारत में घुसपैठ की कोशिश, LoC पर फायरिंग, सेना ने शुरू किया ऑपरेशन, PoK में 500 आतंकी?

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों की शुरुआत से पहले आतंकी घुसपैठ की आशंका बढ़ गई है. इस बीच, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है.

Attempted infiltration into India Kashmir LoC Indian Army operation
Image Source: ANI

जम्मू-कश्मीर में सर्दियों की शुरुआत से पहले आतंकी घुसपैठ की आशंका बढ़ गई है. इस बीच, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है. इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है. बताया जा रहा है कि घेराबंदी के दौरान कुछ गोलियां चलने की आवाज भी सुनाई दी.

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार 17 अक्टूबर को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई. यह घटना केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में हुई. सेना के जवानों ने संदिग्ध लोगों को चुनौती दी, जिसके बाद कुछ देर तक गोलीबारी हुई. इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

लोलाब और करनाह में भी चलाया गया अभियान

कुपवाड़ा जिले में इससे पहले भी सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए थे. इन अभियानों के दौरान लोलाब और करनाह सेक्टर के अलग-अलग इलाकों से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे. ताजा घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है.

PoK में 500 आतंकियों के मौजूद होने का इनपुट

खुफिया जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में करीब 500 आतंकियों के लॉन्चपैड पर मौजूद होने का दावा किया गया है. आशंका है कि पाकिस्तान की तरफ से इन आतंकियों को बर्फबारी शुरू होने से पहले भारतीय सीमा में भेजने की कोशिश की जा सकती है.

दरअसल, सर्दियों में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी रास्ते बंद हो जाते हैं. इससे नियंत्रण रेखा के पार से घुसपैठ करना मुश्किल हो जाता है. इसी वजह से बर्फबारी से पहले घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं.

सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

नियंत्रण रेखा के आसपास आतंकी लॉन्चपैड से घुसपैठ की आशंका के बीच सुरक्षाबलों ने निगरानी बढ़ा दी है. सीमा सुरक्षा बल (BSF) को भी घुसपैठ रोकने के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

बर्फबारी से पहले क्यों बढ़ जाती हैं घुसपैठ?

जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दियों के दौरान भारी बर्फ जम जाती है. इससे कई रास्ते बंद हो जाते हैं और सीमा पार करना कठिन हो जाता है. ऐसे में बर्फबारी शुरू होने से पहले आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशें सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती हैं. इसी खतरे को देखते हुए सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बनाए हुए हैं.