Weather: अक्टूबर के मध्य में देश के कई राज्यों में मौसम बदल रहा है. उत्तर और पूर्वी भारत में सुबह-शाम ठंड महसूस होने लगी है. वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ ठंड बढ़ रही है. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया है. दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. आइए जानते हैं दिल्ली समेत देश के 16 राज्यों में आज मौसम कैसा रहने वाला है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में 24 अक्टूबर तक आसमान साफ रह सकता है. तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
यूपी से बिहार और झारखंड तक बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है. कई घरों में अब कूलर और एसी का इस्तेमाल भी कम हो गया है. प्रदेश में फिलहाल मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, मेरठ, आगरा और झांसी समेत कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है.
बिहार और झारखंड में भी हल्की बारिश हो सकती है. ऐसे में इन राज्यों के कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है.
राजस्थान, मध्य प्रदेश और बंगाल में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के जयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है. यहां बादल गरजने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश हो सकती है. पंजाब के कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिण भारत में 24 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश समेत कई इलाकों में 24 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना जताई है.
इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. ऐसे में लोगों को मौसम के हालात को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.
उत्तराखंड में बर्फबारी, हिमाचल में माइनस तापमान
पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगा है. उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में आज मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं. 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी या बूंदाबांदी हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश में ठंड तेजी से बढ़ रही है. राज्य के कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया है. वहीं, जम्मू-कश्मीर में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में बढ़ती ठंड के बीच लोगों को सुबह और रात के समय खास सावधानी बरतने की जरूरत है.