जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के एक संदिग्ध ठिकाने का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रविवार को मध्य कश्मीर के खग इलाके के शुप्लिन जंगल में यह कार्रवाई की गई. ठिकाने से राशन, कंबल और प्रोटीन सप्लीमेंट समेत कई जरूरी सामान मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकी यहां लंबे समय तक छिपने की तैयारी कर रहे थे.
आतंकियों के छिपने का ठिकाना बनी प्राकृतिक गुफा
सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया था. इसी दौरान जवानों को शुप्लिन के जंगल में एक प्राकृतिक गुफा दिखाई दी. जब उसकी जांच की गई, तो पता चला कि आतंकवादी इसका इस्तेमाल छिपने के ठिकाने के रूप में कर रहे थे. गुफा में लंबे समय तक रहने के लिए जरूरी सामान भी जमा किया गया था.
राशन से लेकर बर्तन और कंबल तक मिले
सुरक्षा बलों को गुफा से 5 किलो चावल, 2 किलो प्याज, 1 किलो गुड़, मैगी के दो पैकेट, अमूल ताजा दूध के दो पैकेट, नमक और रिफाइंड तेल का एक-एक पैकेट मिला. इसके अलावा एक्लेयर्स चॉकलेट का एक पैकेट भी बरामद किया गया.
खाने-पीने के सामान के साथ वहां रहने और खाना बनाने के लिए जरूरी चीजें भी रखी गई थीं. इनमें एक गैस चूल्हा, 5 लीटर का पानी का जग, दो पतीले, दो थालियां और एक गिलास शामिल हैं. ठंड से बचने के लिए गुफा में तीन कंबल और एक कालीन भी रखा गया था.
इसके अलावा सुरक्षा बलों को प्रोटीन सप्लीमेंट के दो डिब्बे, तंबाकू के दो पैकेट, बैटरी सेल का एक पैकेट और एक अज्ञात बैग या पैकेट भी मिला है.
सर्दियों में बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे थे आतंकी?
गुफा में राशन, कंबल और प्रोटीन सप्लीमेंट मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि आतंकी सर्दियों के दौरान लंबे समय तक यहां छिपकर रहने की तैयारी कर रहे थे. सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि वे इस ठिकाने का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कर सकते थे.
सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद इस ठिकाने को ध्वस्त कर दिया गया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों के संभावित नेटवर्क और इस ठिकाने से जुड़े दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.