1 अक्टूबर 2025 से उड़ान भरने वाले यात्रियों को अब पावर बैंक से जुड़े नए नियमों का पालन करना होगा. एमिरेट्स एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट के दौरान पावर बैंक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है.
नई गाइडलाइन के अनुसार, अब यात्री केवल एक पावर बैंक (जिसकी क्षमता 100 वॉट-ऑवर से कम हो) अपने हैंड बैगेज में रख सकते हैं, लेकिन उड़ान के दौरान उसका उपयोग या चार्जिंग सख्त रूप से प्रतिबंधित रहेगा. नियमों की अनदेखी करने पर यात्री को बोर्डिंग से रोका जा सकता है या अन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
एमिरेट्स के नए नियमों की मुख्य बातें
सिर्फ एक पावर बैंक की अनुमति: यात्री केवल एक पावर बैंक साथ ला सकते हैं, जिसकी क्षमता 100Wh से कम होनी चाहिए और उस पर यह जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए.उड़ान के दौरान उपयोग नहीं: पावर बैंक को किसी भी डिवाइस को चार्ज करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, न ही उसे फ्लाइट की पावर सप्लाई से चार्ज किया जा सकता है.
सिर्फ कैरी-ऑन बैग में रखें: पावर बैंक को चेक-इन बैग में रखना पूरी तरह से मना है.
सीट के नीचे रखें: यात्रियों को पावर बैंक को अपने पास रखना होगा – सीट पॉकेट या सामने की सीट के नीचे. इसे ओवरहेड कंपार्टमेंट में नहीं रखा जा सकता.आपात स्थिति में कार्रवाई आसान हो: अगर पावर बैंक गर्म होने लगे या किसी तरह की गड़बड़ी हो, तो तुरंत क्रू को दिखाना होगा ताकि समय रहते कदम उठाया जा सके.
पावर बैंक पर बैन क्यों?
लिथियम-आयन बैटरियों से चलने वाले पावर बैंक में थर्मल रनअवे का खतरा होता है. यानी जब बैटरी का तापमान अचानक बढ़ता है, तो उसमें आग लग सकती है या विस्फोट की संभावना रहती है. खासकर, कम गुणवत्ता वाले या सस्ते पावर बैंक में सुरक्षा फीचर्स न होने से यह खतरा और बढ़ जाता है. इसी जोखिम को देखते हुए एमिरेट्स ने यह सख्त कदम उठाया है.
अन्य एयरलाइंस भी बरत रही सख्ती
एमिरेट्स अकेली एयरलाइन नहीं है जिसने यह नीति अपनाई है. सिंगापुर एयरलाइंस, कोरियन एयर, कैथे पैसिफिक, ईवीए एयर, चाइना एयरलाइंस और एयरएशिया जैसी कई प्रमुख एयरलाइंस पहले ही पावर बैंक के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी लगा चुकी हैं. 2023 में एयर बुसान की एक उड़ान में आग लगने की घटना के बाद से एयरलाइंस और ज्यादा सतर्क हो गई हैं. उस हादसे में 27 लोग घायल हुए थे और आग की वजह एक पावर बैंक को माना गया था.
यात्रियों को किन बातों का रखना होगा ध्यान?
अगर आप एमिरेट्स या किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन से यात्रा करने जा रहे हैं, तो इन बातों का पालन ज़रूर करें. यात्रा से पहले अपने फोन, लैपटॉप या अन्य डिवाइसेज़ पूरी तरह चार्ज कर लें.फ्लाइट में यदि चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं, तो उन्हीं का इस्तेमाल करें.पावर बैंक की क्षमता 100Wh से अधिक न हो और उस पर यह जानकारी लिखी हो.पावर बैंक को चेक-इन बैग में बिल्कुल न रखें.फ्लाइट क्रू के निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें: आखिरी मौका! आज रात खत्म हो जाएगी फ्लिकार्ट सेल; सस्तें में खरीदें टीवी, फ्रिज और AC