Haryana: किसानों के उत्पादों के निर्यात में मदद करेगी हरियाणा सरकार, क्लस्टर मोड पर बनाएगी पायलट परियोजनाएं

Haryana: किसानों के उत्पादों के निर्यात में मदद करेगी हरियाणा सरकार, क्लस्टर मोड पर बनाएगी पायलट परियोजनाएं

चंडीगढ़, भारत 24 डिजिटल डेस्क: हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने किसान कल्याण प्राधिकरण की जनरल बॉडी की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे व सीमांत किसानों की आय में वृद्धि व प्रगति के लिए परंपरागत खेती के साथ-साथ नये दौर की कृषि प्रणाली अपनाने की जरूरत है. इसके अलावा जैविक खेती, प्राकृतिक खेती व सहकारी खेती की ओर किसानों का रुझान बढ़ाने के लिए भी हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण नई योजनाएं तैयार करेगा. 

क्लस्टर मोड पर पायलट परियोजनाएं

कृषि व किसानों की प्रगति हेतु मनोहर लाल सरकार अब राज्य में क्लस्टर मोड पर पायलट परियोजनाओं की रूपरेखा बना रही है, जिससे फसल विविधीकरण, सूक्ष्म सिंचाई योजना, पशु नस्ल सुधार व अन्य कृषि संबंद्ध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा. सीएम ने इस दौरान कहा कि- 'पशुपालन के क्षेत्र में आज अपार संभावनाएं हैं. साथ ही, किसानों को सहकारिता खेती अवधारणा की ओर बढ़ने की आवश्यकता है, जिससे कई किसान मिलकर एक साथ खेती करें, इससे छोटी जोत भूमि की समस्या भी खत्म होगी.'

'मेरा पानी मेरी विरासत योजना'

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'राज्य सरकार फसल विविधीकरण और जल संरक्षण के लिए मेरा पानी मेरी विरासत योजना और डीएसआर तकनीक से धान की बिजाई के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन दे रही है. जिसके चलते किसान परंपरागत खेती से हटकर अन्य फसलों की ओर जा सकते हैं.' राज्य में भू-जल स्तर निरंतर कम हो रहा है.  कई जगह यह स्तर 100 मीटर से भी गहरा चला गया. इसलिए सीएम ने सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाएं स्थापित करने पर जोर दिया.