Ghaziabad Surya Murder Case: गाजियाबाद के मकनपुर खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन हुई सूर्या की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरहान, आसिफ और नवाब के रूप में हुई है. मामले की जांच अभी भी जारी है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.
घटना के बाद पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. जांच के दौरान तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई, जबकि दो अन्य लोगों से अभी भी पूछताछ चल रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
पुरानी रंजिश में हुआ हमला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान सूर्या पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे तुरंत नोएडा सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई.
दोस्त ने बताई घटना की पूरी कहानी
सूर्या के एक दोस्त ने बताया कि वह उसके साथ असद के घर गया था. वहां उन्हें मीट खाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और कहा कि वे मीट नहीं खाते हैं. आरोप है कि इसी बात के दौरान असद ने चाकू निकाल लिया और सूर्या के पेट में वार कर दिया.
दोस्त के अनुसार, उस समय वहां 5 से 6 अन्य लोग भी मौजूद थे. चाकू लगने के बाद सूर्या अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गया. कुछ देर बाद जब वह वापस पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ जमा थी. इसके बाद एक युवक की मदद से उसे फोर्टिस अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया और परिवार को सूचना दी गई.
मुख्य आरोपी असद के खिलाफ दर्ज हुआ केस
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें बनाई गईं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई. कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. शिकायतकर्ता विनीत राजपूत की तहरीर पर खोड़ा थाने में मुख्य आरोपी असद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
सूर्या की मां ने उठाए सवाल
सूर्या की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. उसकी मां का आरोप है कि एफआईआर में चार लोगों के नाम दर्ज हैं, लेकिन अब तक केवल तीन आरोपियों को ही गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
जांच में अहम बना वीडियो
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में सूर्या कुछ लोगों से घिरा हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और उसमें दिख रहे अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 Final: फाइनल से पहले होगी क्लोजिंग सेरेमनी, जानिए कब और कहां खेला जाएगा RCB vs GT का मैच