उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने हिरासत में लिया, एक्ट्रेस तृषा कृष्णन पर दिया था 'डबल मीनिंग' बयान

तमिलनाडु में अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

Police arrested Udhayanidhi Stalin double-meaning remark about Trisha Krishnan
Image Source: Social Media

चेन्नई: तमिलनाडु में अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

पुलिस टीम मंगलवार को चेन्नई के नीलांकरई स्थित उनके घर पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. यह कार्रवाई तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर हुई एक रैली के दौरान दिए गए कथित बयान के बाद की गई है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

उदयनिधि स्टालिन पर आरोप है कि उन्होंने रैली के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की करीबी दोस्त और अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की थी.

इसके बाद उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट पहुंचे थे उदयनिधि

उदयनिधि स्टालिन ने मामले में गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए मद्रास हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी.

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति जीके इलानथिरायण के सामने हुई. कोर्ट ने तुरंत सुनवाई करने पर सहमति जताई थी और पुलिस को कहा था कि याचिका पर सुनवाई पूरी होने तक आगे की कार्रवाई न की जाए.

कावेरी विवाद की रैली से शुरू हुआ मामला

यह पूरा विवाद तंजावुर में डीएमके की एक रैली के बाद शुरू हुआ. यह प्रदर्शन कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित किया गया था.

रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के नारों का जवाब देते हुए कथित तौर पर कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन पर विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई. इसके बाद यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया.

TVK की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शिकायत के आधार पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.

मामले में अलग-अलग कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. इसमें समूहों के बीच विवाद बढ़ाने, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े प्रावधान शामिल हैं.

TVK ने राष्ट्रीय महिला आयोग से भी शिकायत की है. पार्टी का आरोप है कि उदयनिधि की टिप्पणी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ थी.

TVK ने मांगी कार्रवाई और माफी

TVK के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने आरोप लगाया कि इस टिप्पणी से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है और सार्वजनिक जीवन में बातचीत का स्तर गिरा है.

पार्टी ने महिला आयोग से वीडियो फुटेज की जांच करने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उदयनिधि स्टालिन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की गई है.

ये भी पढ़ें- अग्नि या SLBM? भारत करने जा रहा लंबी दूरी की मिसाइल का टेस्ट! 3,760 किमी का NOTAM जारी