देश के कई बड़े शराब ब्रांडों पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने कार्रवाई शुरू की है. इसमें Old Monk, McDowell’s, Bagpiper, Antiquity Blue और Royal Challenge जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं.
इन कंपनियों पर आरोप है कि उन्होंने शराब में ऐसे फ्लेवर का इस्तेमाल किया, जिसकी अनुमति नहीं थी. इसके अलावा कुछ उत्पादों पर उम्र और गुणवत्ता को लेकर ऐसे दावे किए गए, जिन्हें जांच में भ्रामक पाया गया.
रम और व्हिस्की के नाम पर फ्लेवर्ड स्पिरिट बेचने का आरोप
FSSAI की जांच में सामने आया कि कुछ कंपनियां रम और व्हिस्की में बाहर से फ्लेवर मिला रही थीं.
नियमों के अनुसार असली रम और व्हिस्की का स्वाद प्राकृतिक प्रक्रिया से तैयार होना चाहिए. इसके लिए कच्चे माल, फर्मेंटेशन, डिस्टिलेशन और लंबे समय तक रखने की प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाता है.
आरोप है कि कुछ कंपनियों ने इसके बजाय न्यूट्रल अल्कोहल या एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल में फ्लेवर मिलाकर उसे रम और व्हिस्की के नाम से बेचा.
FSSAI ने बताया नियमों का उल्लंघन
FSSAI का कहना है कि ऐसे उत्पादों को असली रम या व्हिस्की के तौर पर नहीं बेचा जाना चाहिए. इन्हें रम-फ्लेवर्ड स्पिरिट या व्हिस्की-फ्लेवर्ड स्पिरिट के नाम से बेचा जाना चाहिए, ताकि ग्राहकों को सही जानकारी मिल सके.
रेगुलेटर के मुताबिक कुछ कंपनियां प्राकृतिक तरीके से स्वाद तैयार करने के बजाय बाहर से फ्लेवर मिलाकर उत्पाद को असली जैसा दिखाने की कोशिश कर रही थीं.
Old Monk के एज दावे पर भी सवाल
जांच में Old Monk XXX रम के एक वेरिएंट पर किए गए "7 इयर्स ओल्ड ब्लेंडेड" दावे को भी जांच के दायरे में लिया गया.
FSSAI के अनुसार इस उत्पाद में ज्यादातर हिस्सा न्यूट्रल स्पिरिट का था, जबकि असली मैच्योर रम स्पिरिट की मात्रा बहुत कम पाई गई. जांच में यह मात्रा 5 प्रतिशत से भी कम बताई गई.
नियमों के अनुसार किसी भी शराब की उम्र का दावा उसमें मौजूद सबसे कम उम्र वाली स्पिरिट के आधार पर किया जाना चाहिए.
किन कंपनियों के उत्पादों पर लगी रोक?
जांच और लैब रिपोर्ट के आधार पर कई उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई है. इसमें मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर के Old Monk के कुछ वेरिएंट, यूनाइटेड स्पिरिट्स के McDowell’s No.1 Rum, Antiquity Blue Whisky और Royal Challenge Whisky शामिल हैं.
इसके अलावा Inbrew Beverages के Bagpiper Deluxe Whisky और Old Cask Deluxe XXX Rum तथा Associated Alcohols & Breweries के Central Province Whisky और McDowell’s No.1 Celebration Matured XXX Rum पर भी कार्रवाई की गई है.
ग्राहकों को सही जानकारी देने पर जोर
FSSAI का कहना है कि शराब के लेबल और दावों में पारदर्शिता जरूरी है. ग्राहक को पता होना चाहिए कि वह असली रम या व्हिस्की खरीद रहा है या फ्लेवर मिलाया हुआ स्पिरिट उत्पाद.
अब जांच के बाद संबंधित कंपनियों के उत्पादों की बिक्री और लेबलिंग नियमों की समीक्षा की जा रही है.
ये भी पढ़ें- अग्नि या SLBM? भारत करने जा रहा लंबी दूरी की मिसाइल का टेस्ट! 3,760 किमी का NOTAM जारी