PoK Protest: इस्लामाबाद और रावलपिंडी तक पहुंचा प्रदर्शन, शहबाज-मुनीर के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पिछले करीब दो महीने से चल रहे विरोध-प्रदर्शन अब पाकिस्तान के बड़े शहरों तक पहुंच गए हैं

PoK Protest reach Islamabad and Rawalpindi against Shehbaz and Munir
Image Source: Social Media

PoK Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पिछले करीब दो महीने से चल रहे विरोध-प्रदर्शन अब पाकिस्तान के बड़े शहरों तक पहुंच गए हैं. रविवार को प्रदर्शनकारी राजधानी इस्लामाबाद और सेना के मुख्यालय वाले शहर रावलपिंडी की सड़कों पर उतर आए. इससे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है.

रविवार शाम करीब 5 बजे रावलपिंडी प्रेस क्लब के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन का ऐलान किया था. इसमें बड़ी संख्या में छात्र पहुंचे, जिनमें PoK के छात्र भी शामिल थे. प्रदर्शन को रोकने के लिए पहले से पुलिस तैनात थी, लेकिन इसके बावजूद लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया और लाठीचार्ज भी किया.

इस्लामाबाद और कराची में भी प्रदर्शन

रावलपिंडी के अलावा इस्लामाबाद और कराची में भी लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और राजनीतिक सुधारों की मांग की. इस दौरान कई छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. कई जगहों पर प्रदर्शन की वजह से तनाव और अफरातफरी का माहौल देखने को मिला.

चुनाव के बीच बढ़ा विवाद

ये प्रदर्शन ऐसे समय हो रहे हैं, जब PoK में चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान कराया गया. इस दौरान कई जगहों पर मतदान प्रक्रिया में दिक्कतें सामने आईं. चुनाव व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर चर्चा तेज हो गई है.

रविवार को कुल 21 सीटों पर मतदान हुआ. इनमें मुजफ्फराबाद डिवीजन की 9 सीटें और पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद शरणार्थियों के लिए 12 सीटें शामिल थीं. मतदान के दौरान PoK के कई इलाकों के साथ-साथ पाकिस्तान के दूसरे शहरों में भी कश्मीरी समुदाय ने विरोध-प्रदर्शन किए.

प्रदर्शन जारी, लॉन्ग मार्च का ऐलान

दिनभर कई जगहों पर प्रदर्शन जारी रहे. इस्लामाबाद के डी-चौक पर प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया और मुजफ्फराबाद तक लॉन्ग मार्च निकालने का भी ऐलान किया.

वहीं रावलकोट से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों ने कुछ जगहों पर फायरिंग भी की. हालांकि किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है.

50 दिनों से जारी है धरना

PoK के ड्रेक ईदगाह इलाके में भी लोगों का धरना लगातार जारी है. यहां पिछले 50 दिनों से प्रदर्शन हो रहा है. महिलाओं और बच्चों ने भी धरने में हिस्सा लिया और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा.

PoK में चुनाव के बीच जारी विरोध-प्रदर्शन ने वहां के राजनीतिक माहौल को और ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया है.