PoK और गिलगित-बाल्टिस्तान भारत का हिस्सा... अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, नक्शे पर बवाल!

भारत के हिस्से को लेकर एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पाकिस्तान परेशान हो गया है. इस बार अफगानिस्तान ने एक नक्शे के जरिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के हिस्से के तौर पर दिखाया है.

PoK and Gilgit-Baltistan are part of India Afghanistan shows map Pakistan angry
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

भारत के हिस्से को लेकर एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पाकिस्तान परेशान हो गया है. इस बार अफगानिस्तान ने एक नक्शे के जरिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के हिस्से के तौर पर दिखाया है. भारत लंबे समय से साफ करता रहा है कि पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान उसका हिस्सा हैं और पाकिस्तान ने इन इलाकों पर अवैध कब्जा कर रखा है. अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक प्रचार वीडियो में भी इन इलाकों को भारत के नक्शे में दिखाया गया है.

दरअसल, भारत और अफगानिस्तान के बीच जल्द ही क्रिकेट सीरीज होने वाली है. इसी सीरीज को लेकर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रचार वीडियो जारी किया. इसमें भारत के नक्शे में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान को भी शामिल किया गया है. इस नक्शे को लेकर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई है और मामले को गंभीरता से लिया है.

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शेयर किया प्रचार वीडियो

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया. भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज नई दिल्ली में होने वाली है और उससे कुछ दिन पहले यह प्रचार वीडियो सामने आया है.

सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नक्शे में पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत का हिस्सा दिखाए जाने पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने आपत्ति जताई है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने किस तरह की शिकायत की है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

सूत्रों का यह भी कहना है कि पाकिस्तान इस मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की कोशिश कर सकता है. हालांकि, अभी तक इस दिशा में कोई औपचारिक कदम नहीं उठाया गया है. यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्ते पहले ही तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं. दोनों देशों के बीच सीमा और सुरक्षा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है.

काबुल और इस्लामाबाद के बीच बढ़ सकता है तनाव

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्तों में पिछले कुछ समय से लगातार तनाव बढ़ा है. दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़पों और हवाई हमलों की खबरें भी सामने आती रही हैं. पाकिस्तान लगातार अफगान तालिबान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है. पाकिस्तान का दावा है कि टीटीपी उसके देश में कई बड़े आतंकी हमलों के पीछे है.

भारतीय खुफिया सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच तनाव अब खेल और संस्कृति जैसे मंचों पर भी दिखाई दे सकता है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रचार वीडियो में भारत का नक्शा जिस तरह दिखाया गया है, उसे काबुल की ओर से एक कूटनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

इसका मतलब यह हो सकता है कि अफगानिस्तान अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर आगे बढ़ रहा है और पाकिस्तान की आपत्तियों की परवाह किए बिना भारत के साथ अपने संबंध मजबूत करना चाहता है.

एक भारतीय खुफिया सूत्र के मुताबिक, पाकिस्तान की क्षेत्रीय संवेदनाओं को ध्यान में न रखते हुए इस तरह की प्रचार सामग्री जारी करना खेल के जरिए अफगानिस्तान की स्वतंत्र विदेश नीति को दिखाता है.

एसीबी ने भारत-अफगानिस्तान सीरीज का किया प्रचार

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आगामी सीरीज को लेकर अपने प्रचार में दोनों देशों के रिश्तों का भी जिक्र किया है. बोर्ड ने कहा कि यह सीरीज एक बार फिर भारत और अफगानिस्तान को एक साथ लाएगी.

एसीबी ने दोनों टीमों के मुकाबले को ऐसे दो देशों की भिड़ंत बताया, जिनके बीच गहरा इतिहास, संस्कृति और क्रिकेट को लेकर खास जुड़ाव है. बोर्ड ने कहा कि ये मुकाबले सिर्फ क्रिकेट मैच नहीं होंगे, बल्कि इनमें दोनों देशों के लोगों का उत्साह और भावनाएं भी जुड़ी होंगी.

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की यह सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी.

ये भी पढ़ें- सप्लाई से लेकर की सुरक्षा तक... भारत पर क्यों नहीं पड़ा मिडिल ईस्ट जंग का असर? जयशंकर ने बताया राज