PM मोदी कल राजधानी को देंगे 11,000 करोड़ की सौगात, द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली सेक्शन और UER-II का करेंगे उद्घाटन

दिल्लीवासियों के लिए 17 अगस्त 2025 का दिन बेहद खास होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहिणी से दो ऐसे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दिखाने वाले हैं, जिनसे न सिर्फ राजधानी का ट्रैफिक जाम कम होगा बल्कि पूरे एनसीआर में कनेक्टिविटी का नया अध्याय लिखा जाएगा.

PM Modi Will inaugurate Dwarka Expressway Delhi section and UER-II tomorrow
Image Source: ANI

नई दिल्ली: दिल्लीवासियों के लिए 17 अगस्त 2025 का दिन बेहद खास होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहिणी से दो ऐसे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दिखाने वाले हैं, जिनसे न सिर्फ राजधानी का ट्रैफिक जाम कम होगा बल्कि पूरे एनसीआर में कनेक्टिविटी का नया अध्याय लिखा जाएगा. करीब 11,000 करोड़ रुपये की लागत से बने ये प्रोजेक्ट्स हैं द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II).

5360 करोड़ रुपये से तैयार हुआ द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली सेक्शन

द्वारका एक्सप्रेसवे का 10.1 किलोमीटर लंबा दिल्ली हिस्सा 5360 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है. यह सेक्शन न सिर्फ यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर और डीएमआरसी की ब्लू व ऑरेंज लाइनों को जोड़ेगा, बल्कि नए बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका क्लस्टर बस डिपो तक आसान कनेक्टिविटी भी देगा. मार्च 2024 में हरियाणा सेक्शन के 19 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन हो चुका है. दिल्ली हिस्से में इसे दो पैकेजों में बांटा गया है.

  • पैकेज I शिव मूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21 रोड अंडर ब्रिज तक (5.9 किमी)
  • पैकेज II द्वारका सेक्टर-21 से दिल्ली-हरियाणा सीमा तक (4.2 किमी)
  • UER-II बाहरी इलाकों से सुगम सफर

प्रधानमंत्री मोदी करीब 5580 करोड़ रुपये की लागत से बने UER-II के अलीपुर से ढिंचाऊ कलां सेक्शन का भी उद्घाटन करेंगे. यह रोड दिल्ली के आंतरिक और बाहरी रिंग रोड को जोड़ते हुए धौला कुआं, मुकरबा चौक और एनएच-09 जैसे सबसे व्यस्त इलाकों पर दबाव कम करेगा. इसके साथ ही यह नया लिंक बहादुरगढ़ और सोनीपत तक सीधा रास्ता देगा, जिससे उद्योगों की कनेक्टिविटी और माल ढुलाई तेज होगी.

राजधानी की सड़कों पर नए युग की शुरुआत

इन दोनों प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से दिल्ली-एनसीआर में सफर आसान, तेज और सुरक्षित होगा. जहां द्वारका एक्सप्रेसवे शहर को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी देगा, वहीं UER-II भारी ट्रैफिक को बाईपास कर लोगों का कीमती समय बचाएगा. आने वाले दिनों में ये प्रोजेक्ट दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की नई पहचान साबित होंगे.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में जन्माष्टमी के अरेंजमेंट में लापरवाही, 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, कई के खिलाफ जांच के आदेश