पीएम मोदी का इजरायल दौरा, नेतन्याहू करेंगे एयरपोर्ट पर स्वागत; संसद संबोधन और प्राइवेट डिनर रहेगा खास

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी के बीच दो दिवसीय दौरे पर इजरायल जाएंगे. इस यात्रा को भारत–इजरायल संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. खास बात यह है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे, जो इस दौरे की महत्वता को दर्शाता है.

PM Modi visits Israel Netanyahu will welcome him at the airport Parliament address
Image Source: Social Media

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी के बीच दो दिवसीय दौरे पर इजरायल जाएंगे. इस यात्रा को भारत–इजरायल संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. खास बात यह है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करेंगे, जो इस दौरे की महत्वता को दर्शाता है.

अपने दौरे के पहले दिन पीएम मोदी इजरायल की संसद को संबोधित करेंगे. यह संबोधन दोनों देशों के रिश्तों में नई दिशा देने वाला माना जा रहा है. इसके अलावा नेतन्याहू की ओर से पीएम मोदी के सम्मान में एक प्राइवेट डिनर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक बातचीत भी होगी.

द्विपक्षीय वार्ता पर रहेगा फोकस

इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता भी होगी. इसमें रक्षा, व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. पिछले 9 वर्षों में यह पीएम मोदी की इजरायल की दूसरी यात्रा होगी. इससे पहले जुलाई 2017 में उनकी ऐतिहासिक यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था.

भारत और इजरायल के बीच संबंध कई अहम क्षेत्रों में मजबूत हैं. इनमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इनोवेशन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार और निवेश, कृषि, जल प्रबंधन और लोगों के बीच संपर्क (पीपुल टू पीपुल कनेक्ट) शामिल हैं. दोनों देश लगातार इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं.

नेतन्याहू की भारत यात्रा और लगातार संपर्क

इससे पहले जनवरी 2018 में नेतन्याहू भारत दौरे पर आए थे. तब से लेकर अब तक दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है. 2023 से 2026 के बीच कई बार फोन पर बातचीत हुई, जिनमें क्षेत्रीय हालात, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई. चंद्रयान-3 की सफलता से लेकर आतंकी हमलों और क्षेत्रीय संघर्ष तक—हर अहम मौके पर दोनों देशों ने एक-दूसरे का समर्थन किया.

साल 2025 में दोनों देशों के बीच मंत्री स्तर की कई यात्राएं हुईं. इजरायल से कृषि, पर्यटन, वित्त और विदेश मंत्री भारत आए, जबकि भारत से भी वाणिज्य, विदेश और पशुपालन से जुड़े मंत्री इजरायल गए. इससे दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिली.

विज्ञान और तकनीक में साझेदारी

भारत और इजरायल के बीच इनोवेशन और टेक्नोलॉजी सहयोग तेजी से बढ़ रहा है. स्टार्टअप्स, संयुक्त रिसर्च प्रोजेक्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं. भारत–इजरायल औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास कोष (I4F) भी इस सहयोग का अहम हिस्सा है.

रक्षा सहयोग दोनों देशों की साझेदारी का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है. नवंबर 2025 में भारत के रक्षा सचिव की इजरायल यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग से जुड़ा एक अहम समझौता भी किया गया, जिससे दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग और मजबूत हुआ.

व्यापार और निवेश को बढ़ावा

आर्थिक मोर्चे पर भी दोनों देश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. नवंबर 2025 में भारत और इजरायल के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की दिशा में कदम बढ़ाए गए. इसके अलावा सितंबर 2025 में द्विपक्षीय निवेश समझौते (BIA) पर हस्ताक्षर हुए, जिससे निवेशकों को सुरक्षा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा.

कृषि क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से सहयोग जारी है. भारत में इजरायल की मदद से 43 उत्कृष्टता केंद्रों में से 35 पूरी तरह संचालित हो रहे हैं, जो आधुनिक खेती और सिंचाई तकनीकों को बढ़ावा दे रहे हैं. 2025 में कृषि सहयोग को लेकर नई कार्य योजना पर भी हस्ताक्षर हुए.

लोगों के बीच जुड़ाव

इजरायल में करीब 41,000 भारतीय रहते हैं. 2023 में दोनों देशों के बीच एक समझौता हुआ, जिसके तहत भारतीय श्रमिकों के लिए सुरक्षित और वैध रोजगार के अवसर बढ़ाए गए. इसके बाद अब तक लगभग 20,000 भारतीय इजरायल जा चुके हैं.

भारत और इजरायल वैश्विक मंचों पर भी साथ काम कर रहे हैं. दोनों देश I2U2 समूह (भारत, इजरायल, यूएई और अमेरिका) के सदस्य हैं, जो खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर केंद्रित है. इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना जैसी पहलों पर भी भारत ने सकारात्मक रुख दिखाया है.

ये भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश में दिल दहला देने वाला कांड, 'जहरीला' दूध पीने से 4 लोगों की मौत, CM ने किया मुआवजे का ऐलान