पीएम मोदी का मणिपुर दौरा, 8500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण; सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

PM Modi visit to Manipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही मणिपुर का दौरा करने वाले हैं, जहां वे राज्य के समग्र विकास को गति देने वाली 8500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे.

PM Modi visit to Manipur laying of foundation stone worth Rs 8500 crore
Image Source: Social Media X

PM Modi visit to Manipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही मणिपुर का दौरा करने वाले हैं, जहां वे राज्य के समग्र विकास को गति देने वाली 8500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. यह दौरा 13 सितंबर, शनिवार को संभावित है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मणिपुर लंबे समय से जातीय संघर्षों, आंतरिक विस्थापन और संवेदनशीलता से जूझ रहा है. उनके आगमन से पहले चुराचांदपुर और इंफाल में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ा दिया गया है.

 परियोजनाएं और विकास की योजनाएं

मणिपुर के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल के अनुसार, प्रधानमंत्री चुराचांदपुर में 7300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और साथ ही 1200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे. ये योजनाएं राज्य में समावेशी और टिकाऊ विकास के उद्देश्य से तैयार की गई हैं.

इसके अलावा, प्रधानमंत्री चुराचांदपुर और इंफाल में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से भी बातचीत करेंगे, जो 2023 में भड़की हिंसा के चलते अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए थे.

कड़ी सुरक्षा और व्यापक तैयारियां

पीएम मोदी की संभावित यात्रा से पहले राज्य में उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. इंफाल और चुराचांदपुर दोनों स्थानों पर राज्य और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है.

इंफाल का कांगला किला, जो करीब 237 एकड़ में फैला है और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, यहां चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. राज्य आपदा प्रबंधन बल की नौकाएं खाइयों में लगातार गश्त कर रही हैं और पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है. खोजी कुत्ते, उन्नत सुरक्षा उपकरण और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी कर रही हैं.

दौरे से पहले तनाव के संकेत

हालांकि तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन गुरुवार शाम को मणिपुर के कुकी बहुल चुराचांदपुर जिले में दो स्थानों पर उपद्रवियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई. उपद्रवियों ने पीएम मोदी के पोस्टर, बैनर और बैरिकेड्स को फाड़ा और जलाया, साथ ही सुरक्षा बलों पर पत्थरबाज़ी भी की.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अर्धसैनिक बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है, और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं.

पीस ग्राउंड पर विशेष तैयारियां

चुराचांदपुर के पीस ग्राउंड में पीएम मोदी के जनसभा को लेकर विशेष तैयारियां चल रही हैं. यहां के सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा जांच और प्रवेश नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है. सीआरपीएफ, स्थानीय पुलिस, और अर्धसैनिक बल सभी सतर्क मुद्रा में हैं.

यह भी पढ़ें- कब है दुर्गा अष्टमी और महानवमी 2025 में? जानें शारदीय नवरात्रि 2025 की तिथियां और पूजा विधि