अहमदाबाद में शुक्रवार को हुआ भीषण विमान हादसा देशभर को स्तब्ध कर गया. एयर इंडिया की एक फ्लाइट के क्रैश होने से कम से कम 265 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. मरने वालों में न केवल यात्री और क्रू मेंबर शामिल हैं, बल्कि वह ट्रेनी डॉक्टर भी हैं जो हादसे के वक्त उसी हॉस्टल में मौजूद थे, जिस पर विमान गिरा.
हादसे के 24 घंटे के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंच गए हैं. उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भी मौजूद हैं.
घटनास्थल का दौरा और अस्पताल में मुलाकातें
पीएम मोदी ने सबसे पहले हादसे के ग्राउंड ज़ीरो का जायजा लिया. इसके बाद वह अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल पहुंचे, जहां घायलों का इलाज चल रहा है. प्रधानमंत्री ने अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना.
बताया जा रहा है कि वह हादसे में जीवित बचे इकलौते व्यक्ति रमेश विश्वास कुमार से भी मिलने जा सकते हैं. रमेश इस हादसे से किसी चमत्कार की तरह बचे हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
हादसे की समीक्षा बैठक आज
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी आज ही इस भयावह दुर्घटना को लेकर एक समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ उड़ान सुरक्षा पर भी चर्चा हो सकती है.
हादसे का असर सिर्फ एक राज्य नहीं, पूरे देश पर
गौरतलब है कि गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह राज्य है, जहां उन्होंने 2001 से 2014 तक चार बार मुख्यमंत्री के रूप में काम किया. यही वह राज्य है जहां से उनके राष्ट्रीय राजनीति के सफर की शुरुआत हुई थी.
ये भी पढ़ेंः तेहरान का गुस्सा उबाल पर, क्या इजरायल के लिए बज चुकी है चेतावनी की घंटी, कैसे बदला लेगा ईरान?