नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 29 सितंबर को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर बने भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के नए कार्यालय भवन का शुभारंभ किया. नवरात्रि के सप्तमी तिथि पर किए गए इस उद्घाटन को पार्टी के लिए एक आध्यात्मिक और संगठनात्मक ऊर्जा का संचार माना जा रहा है. इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
"बीजेपी दफ्तर मंदिर से कम नहीं है"
नए कार्यलय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिए बीजेपी दफ्तर मंदिर से कम नहीं है. यह हमारे लिए इमारत नहीं, देवालय है. उन्होंने कहा कि बीजेपी दफ्तर जमीन से जोड़े रखते हैं. बीजेपी का दिल्ली से दिल का रिश्ता है. कार्यकर्ताओं के त्याग से बीजेपी मजबूत हुई. पीएम ने कहा कि जन आकांक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत जारी हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि नवरात्रि के पावन दिनों में दिल्ली बीजेपी को अपना कार्यालय मिला है. बीजेपी की स्थापना को 45 साल हो चुके हैं. जिस बीज से भाजपा इतना बड़ा बटवृक्ष बना है उसका बीजारोपण 1951 में जनसंघ के रूप में हुआ. 1980 में जब बीजेपी की स्थापना हुई तो दिल्ली बीजेपी के वीके मल्होत्रा जी पहले अध्यक्ष बने. पीएम ने कहा कि दिल्ली और BJP का रिश्ता सिर्फ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है. ये सेवा, संस्कार और सुख-दुख में साथ निभाने का है. पहले जनसंघ और फिर भाजपा के रूप में हमारी पार्टी हमेशा दिल्ली के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया भवन
यह नया कार्यालय 825 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं. दो बेसमेंट हैं, जिनमें 50 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ग्राउंड फ्लोर पर मीडिया के लिए एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल, एक शानदार स्वागत कक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक कैंटीन बनाई गई है.
कार्यकर्ताओं के लिए बना संगठित केंद्र
प्रथम तल पर एक विशाल सभागार है, जिसकी क्षमता लगभग 300 लोगों की है जहां बड़ी बैठकें और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा सकेंगे. दूसरी और तीसरी मंजिल पर प्रदेश के महासचिव, सचिव और उपाध्यक्षों के लिए कार्यालय बनाए गए हैं. शीर्ष मंजिल पर दिल्ली बीजेपी प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महासचिव के विशेष कार्यालय होंगे. इस नए कार्यालय का शिलान्यास 9 जून 2023 को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा किया गया था.
ये भी पढ़ें: कौन हैं दिल्ली के नए मुख्य सचिव IAS राजीव वर्मा, कहां से की है पढ़ाई? जानिए उनके बारे में सब कुछ