प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 8 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) के पहले चरण का उद्घाटन किया. बता दें कि इस एयरपोर्ट से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि, 'आज मुंबई का लंबा इंतज़ार खत्म हुआ. मुंबई को अब अपना दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है. ये एयरपोर्ट, इस क्षेत्र को एशिया के सबसे बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा.' उन्होंने कहा, 'इस नए एयरपोर्ट से महाराष्ट्र के किसान यूरोप और पश्चिम एशिया के सुपरमार्केट से भी जुड़ पाएंगे.'
"सपनों को सिद्ध करने का संकल्प"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, 'मुंबईवासियों के लिए दोहरी खुशी का दिन. आज मुंबई को पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो भी मिली है, इससे मुंबई का सफर और भी आसान होगा और लोगों का समय भी बचेगा. मुंबई ने अपने दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का स्वागत किया, जो एशिया के प्रमुख कनेक्टिविटी केंद्र बनने की उसकी यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा. जब सपनों को सिद्ध करने का संकल्प हो, जब देशवासियों तक तेज विकास का लाभ पहुंचाने की इच्छा शक्ति हो तो नतीजे भी मिलते हैं.'
"हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर सके"
पीएम मोदी ने कहा कि, 'हमारी हवाई सेवा और इससे जुड़ी इंडस्ट्री इसका बहुत बड़ा प्रमाण है. आपको याद होगा, 2014 में जब देश ने मुझे अवसर दिया तो मैंने कहा था कि मेरा सपना है हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर सके.' उन्होंने कहा कि, 'इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत जरूरी था कि देश में नए-नए एयरपोर्ट बनाए जाएं. हमारी सरकार ने इस मिशन पर गंभीरता से काम करना शुरू किया. बीते 11 साल में देश में एक के बाद एक एयरपोर्ट बनते चले गए. साल 2014 में हमारे देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, आज भारत में एयरपोर्ट की संख्या 160 को पार कर गई है.'
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, जानें कब शुरू होंगी उड़ानें