War Lockdown Notice: देश में फिर से लॉकडाउन लगाए जाने की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. दरअसल, ईरान के साथ युद्ध के बीच एक ऐसा संदेश वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों के बीच भय और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है. 'WAR LOCKDOWN NOTICE' नामक एक पीडीएफ दस्तावेज़ में दावा किया गया है कि युद्ध के कारण देश में लॉकडाउन लागू किया गया है. लेकिन जब इस पीडीएफ को खोला गया, तो सच्चाई कुछ और ही सामने आई, जिससे लोगों को समझ में आया कि यह महज एक अप्रैल फूल का मजाक था.
वायरल लॉकडाउन नोटिस में क्या था?
वायरल हो रहे इस नोटिस में दावा किया गया था कि सरकार ने युद्ध के चलते लॉकडाउन लागू कर दिया है और सभी नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. यह नोटिस पहली नजर में पूरी तरह से सरकारी दस्तावेज़ जैसा दिख रहा था, जिसमें अशोक चक्र चिन्ह भी था. इसका डिजाइन इतना विश्वसनीय था कि कई लोग इसे बिना सोचे-समझे फॉरवर्ड करने लगे, जिससे सोशल मीडिया पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वायरल नोटिस का सच क्या है?
जब इस पीडीएफ दस्तावेज़ को खोलने पर सच्चाई सामने आई, तो पता चला कि यह किसी सरकारी आदेश का हिस्सा नहीं था. बल्कि यह सिर्फ एक 'अप्रैल फूल' का मजाक था. इस दस्तावेज़ में एक इमोजी और मजाकिया भाषा का इस्तेमाल किया गया था, जो यह बताता है कि यह केवल एक सोशल मीडिया शरारत थी. इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि यह पोस्ट केवल एक अप्रैल के दिन की एक मजाकिया हरकत थी, जिसे लोग बिना जांचे-परखे शेयर कर रहे थे.

क्या सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है?
इस वायरल पोस्ट से यह भी स्पष्ट हो गया कि सरकार की ओर से किसी भी प्रकार के लॉकडाउन का कोई प्रस्ताव या विचार नहीं किया गया है. सरकार ने पहले ही साफ कर दिया था कि देश में कोई लॉकडाउन नहीं लगेगा. इसके बावजूद इस तरह के भ्रामक संदेश सोशल मीडिया पर फैलने से एक बार फिर यह बात साबित होती है कि लोग बिना सत्यता जांचे, जल्दी-जल्दी ऐसी अफवाहों को फैलाने का हिस्सा बन जाते हैं.
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट का असर
यह वायरल पोस्ट इस बात का उदाहरण है कि कैसे एक भ्रामक और झूठी पोस्ट लोगों के बीच अफवाह और डर का माहौल बना सकती है. जानकारों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को फॉरवर्ड करने से पहले हमेशा आधिकारिक स्रोतों से उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए. इससे न केवल अफवाहों से बचा जा सकता है, बल्कि समाज में भ्रम भी नहीं फैलेगा.
ये भी पढ़ें: ध्यान दें! PAN से लेकर फास्टैग, LPG और रेलवे टिकट तक… 1 अप्रैल से बदल गए ये बड़े नियम