नई दिल्ली: वैश्विक तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान सामने आया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कहा है कि मौजूदा हालात में भारत का कोई भी पड़ोसी देश गलत कदम उठा सकता है, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो भारत का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक होगा.
रक्षा मंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भारतीय सशस्त्र बल हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है और सरकार हर संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए है.
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर कोई देश भारत के खिलाफ दुस्साहस करता है, तो इस बार उसे बिल्कुल भी नहीं छोड़ा जाएगा. यह बयान पड़ोसी देशों के लिए एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है.
हमारा neighbour आजकल जो situation है उसमें कोई भी misadventure कर सकता है। अगर उसने ऐसा किया तो भारत का एक्शन unprecedented और decisive होगा: रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh
— Rajnathsingh_in (@RajnathSingh_in) April 2, 2026
वैश्विक तनाव के बीच बढ़ी सतर्कता
ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच जारी संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है. ऐसे समय में राजनाथ सिंह का यह बयान भारत की सतर्कता और तैयारी को दर्शाता है. उन्होंने संकेत दिया कि भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लिया जाएगा.
देशवासियों को दिलाया भरोसा
रक्षा मंत्री ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है. सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और हर आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार है.
उन्होंने कहा, “हम अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम हैं और हर परिस्थिति में उनकी रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है.” इस बयान से साफ है कि सरकार सुरक्षा के साथ-साथ जनता का भरोसा भी बनाए रखना चाहती है.
ईंधन संकट की आशंकाओं को किया खारिज
रक्षा मंत्री ने उन खबरों को भी नकार दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि युद्ध के कारण देश में पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस की कमी हो सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में इन जरूरी संसाधनों की कोई कमी नहीं है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल भरोसेमंद जानकारी पर ही विश्वास करें.
राजनाथ सिंह ने विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों का भी जिक्र किया और कहा कि उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि सरकार हर स्थिति पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत कदम उठाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट जंग के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, GST, UPI और ऑटो बिक्री में रिकॉर्ड उछाल