जयपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजस्थान में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आज पूरे प्रदेश में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत हुई. इस दौरान शहरी सेवा शिविर और ग्रामीण सेवा शिविर के रूप में नई पहल की गई, जिनके माध्यम से शासन की सुविधाएं सीधे जनता तक पहुँचाने और अंत्योदय की भावना को साकार करने का संकल्प लिया गया.
स्वच्छता से संकल्प का आरंभ
मुख्यमंत्री ने सुबह मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025’ की शुरुआत की. उन्होंने स्वयं श्रमदान कर सफाई की, पौधारोपण किया और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलवाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान स्टेट स्वराज एवं वेस्ट वॉटर पॉलिसी 2025 का विमोचन भी किया तथा सफाई कार्मिकों का अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान जनआंदोलन बन चुका है. वर्ष 2014 में जहां केवल 38 प्रतिशत घरों में शौचालय थे, वहीं अब यह आंकड़ा 100 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है. जयपुर के दोनों नगर निगमों का स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप-20 में शामिल होना, प्रदेश की उपलब्धि का प्रमाण है.
शहरी सेवा शिविर: आमजन के लिए वन-स्टॉप समाधान
प्रधानमंत्री की जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर से ‘शहरी सेवा शिविर 2025’ का शुभारंभ किया. इन शिविरों में नागरिकों को जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, सीवर कनेक्शन, ट्रेड लाइसेंस, लीज होल्ड व फ्री होल्ड पट्टे, नामांतरण और नाम हस्तांतरण जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शिविर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को साकार करते हुए अंत्योदय की संकल्पना को धरातल पर तेजी से उतारेंगे.
आमजन के बीच मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को आमजन के साथ सहज संवाद का अनूठा संदेश दिया. उन्होंने मानसरोवर में एक टी-स्टॉल पर स्वयं चाय बनाई, नागरिकों को पिलाई और यूपीआई से डिजिटल भुगतान भी किया. उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद को निर्देश दिए कि ऐसे सभी ठेला-थड़ी संचालकों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़ा जाए ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सके.
नमो प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने जेकेके में आयोजित ‘नमो प्रदर्शनी’ का उद्घाटन किया और वहां प्रदर्शित प्रधानमंत्री के जीवन व कार्यों से जुड़ी झलकियां देखीं. इस दौरान एक चित्रकार ने लाइव पेंटिंग बनाकर मुख्यमंत्री को भेंट की. श्री शर्मा ने इस मौके पर पूर्व सैनिकों से भी आत्मीय संवाद किया.
रक्तदान महादान : युवाओं का उत्साह
मुख्यमंत्री ने सीतापुरा व आगरा रोड पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का निरीक्षण किया. उन्होंने रक्तदान कर रहे युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि रक्तदान महादान है, इससे अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं.
राष्ट्रीय स्तर पर जुड़ाव
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरयूएचएस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के धार से शुरू किए गए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान में भी सहभागिता की.
प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने पिछले 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है. डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आयुष्मान भारत और जन धन योजना जैसे कार्यक्रमों ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी का महिलाओं को बड़ा तोहफा, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का किया शुभारंभ, जानें कैसे मिलेगा लाभ