इजरायल पहुंचे पीएम मोदी, नेतन्याहू ने गले लगाकर गर्मजोशी से किया स्वागत; मिला गार्ड ऑफ ऑनर

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजरायल दौरे पर तेल अवीव पहुंच गए हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया.

PM Modi arrives in Israel Netanyahu warmly welcomes him at airport
Image Source: ANI

PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजरायल दौरे पर तेल अवीव पहुंच गए हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का आत्मीय स्वागत किया.

एयरपोर्ट पर मिला गार्ड ऑफ ऑनर

प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए नेतन्याहू ने यह स्वागत किया. एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. बता दें कि पीएम मोदी 9 साल बाद इजरायल की यात्रा पर गए हैं. इससे पहले वह 2017 में इजरायल गए थे. इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी इजरायल की संसद 'नेसेट' को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन जाएंगे. इस दौरान वह येरुशलम का भी दौरा करेंगे. 

राष्ट्रपति इसाक हरजोग से भी करेंगे मुलाकात

इस दौरे को दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायली राष्ट्रपति इसाक हरजोग से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम रखा है. इस मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, सुरक्षा और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. नेतन्याहू के निमंत्रण पर पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा.

यहूदी नरसंहार स्मारक पर श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी 26 फरवरी को इजरायल के यहूदी नरसंहार स्मारक, यद वाशेम का दौरा करेंगे, जहां वह श्रद्धांजलि देंगे. यह कदम दोनों देशों के बीच मानवीय और सांस्कृतिक संबंधों को भी बल देगा और इजरायल में भारत की संवेदनशीलता को प्रदर्शित करेगा.

भारत-इजरायल संबंध: एक मजबूत साझेदारी

भारत और इजरायल के बीच 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से दोनों देशों के रिश्ते काफी मजबूत हुए हैं. व्यापार, रक्षा, कृषि, और तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है. इजरायल भारत का एक प्रमुख रक्षा साझेदार बन चुका है, और दोनों देशों के बीच व्यापार अब कई अरब डॉलर का है.

ये भी पढ़ें: मैं ना होता तो पाकिस्तानी पीएम की जान चली जाती... ऑपरेशन सिंदूर पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा