पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक मैक्स जीप मुवानी से बोकटा गांव जा रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर गहरी नदी में गिर गई. हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल ने त्वरित रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, तब तक 8 लोग अपनी जान गंवा चुके थे.
जीप का ब्रेक फेल होने की आशंका
हादसा मंगलवार शाम हुआ, जब मैक्स जीप में 13 लोग सवार थे. यात्रियों से भरी यह जीप मुवानी से बोकटा गांव की ओर जा रही थी. जीप अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी नदी में गिर गई. रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले ही आठ लोगों की मौत हो चुकी थी. इस घटना को लेकर शुरुआती जानकारी में यह कहा जा रहा है कि जीप का ब्रेक फेल हो सकता है या चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया था. हालांकि, हादसे के असली कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा.
घायलों को भेजा गया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और खाई से घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया. घायलों का इलाज जारी है. हादसे के बाद इलाके में शोक और भय का माहौल है. प्रशासन ने मृतकों की पहचान प्रक्रिया शुरू कर दी है और यह भी जांचने की कोशिश की जा रही है कि मृतकों में पर्यटक थे या स्थानीय लोग.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद घटना है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति मिले. जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं और मैं उनकी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”
ये भी पढ़ें: सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, विकास को लेकर की चर्चा, जानिए क्या-क्या हुई बात