Pawan Singh On Khesari Lal Yadav: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की निजी ज़िंदगी एक बार फिर सार्वजनिक बहस का हिस्सा बन गई है. एक ऐसा मुद्दा, जो केवल पारिवारिक स्तर पर सुलझना चाहिए था, अब मीडिया और सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है.
इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं उनकी पत्नी ज्योति सिंह, जो मीडिया के सामने आकर पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगा रही हैं. वहीं दूसरी ओर, अब तक शांत रहे पवन सिंह ने भी इस बार चुप्पी तोड़ दी है. उन्होंने ना सिर्फ अपना पक्ष रखा, बल्कि उन लोगों को भी दो टूक जवाब दिया जो इस मामले को मज़ाक बना रहे थे, जिसमें नाम जुड़ता है भोजपुरी जगत के ही एक और बड़े सितारे खेसारी लाल यादव का.
“घर की बात कैमरे पर नहीं होती”
पवन सिंह ने अपने हालिया इंटरव्यू में साफ कहा कि यह पूरा विवाद राजनीतिक महत्वाकांक्षा से प्रेरित है. उनके अनुसार, ज्योति सिंह का असली मकसद उन्हें बदनाम कर विधायक बनना है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वास्तव में पत्नी को कोई शिकायत थी, तो यह कदम वो पहले क्यों नहीं उठाया? उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इस मसले को “ड्रामा” समझ रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि यह एक परिवार की गंभीर स्थिति है, ना कि मनोरंजन का हिस्सा.
खेसारी लाल यादव पर तंज
पवन सिंह ने बिना नाम लिए खेसारी लाल यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “पारिवारिक बातें कैमरे पर नहीं, बंद दरवाजों में होती हैं.” यह एक तरह से खेसारी को यह संदेश था कि किसी के पारिवारिक विवाद में सार्वजनिक रूप से बोलना या पक्ष लेना, सही तरीका नहीं है.
क्या कहा था खेसारी ने?
कुछ दिन पहले खेसारी लाल यादव ने पवन सिंह से ज्योति सिंह को माफ करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि वह महिला कोई “बड़ा अपराध” नहीं कर रही, और उसे माफ कर देना चाहिए. साथ ही खेसारी ने यह भी जोड़ा कि अगर यही स्थिति उनकी बेटी के साथ होती, तो उन्हें कितना दुख होता. उनकी यह भावुक अपील सोशल मीडिया पर काफ़ी वायरल हुई, लेकिन अब पवन सिंह की प्रतिक्रिया के बाद ये मामला और भी पेचीदा हो गया है.
यह भी पढ़ें- बिहार-यूपी जाने वाले यात्रियों को रेलवे का तोहफा, दिवाली-छठ पर चलाई जाएंगी 14000 अतिरिक्त ट्रेनें