PM Modi 75th Birthday: 17 सितंबर 2025 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. एक चाय बेचने वाले के बेटे से लेकर भारत के सबसे प्रभावशाली नेता बनने तक की उनकी यात्रा लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है. खासतौर पर युवा और विद्यार्थी वर्ग के लिए उनका जीवन एक जीती-जागती सीख है.
प्रधानमंत्री मोदी न केवल राजनीतिक मंचों पर बल्कि छात्रों से जुड़ने में भी हमेशा आगे रहते हैं. ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे संवाद कार्यक्रमों में उन्होंने समय-समय पर विद्यार्थियों को तनाव, समय प्रबंधन, करियर और टेक्नोलॉजी जैसे मुद्दों पर सरल लेकिन गहरी बातें बताई हैं. यहाँ हम लाए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 10 अहम सीखें, जो हर छात्र के लिए प्रेरणा बन सकती हैं:
1. तनाव से पहले खुद को तैयार करना सीखें
मोदी मंत्र: "मानसिक तैयारी ही तनाव का सबसे बड़ा इलाज है."
जैसे ठंडे मौसम में जाने से पहले हम खुद को मानसिक रूप से तैयार करते हैं, वैसे ही परीक्षा या पढ़ाई के दबाव के लिए भी पहले से मानसिक तैयारी जरूरी है.
2. करियर का चुनाव दूसरों की अपेक्षाओं से नहीं
मोदी मंत्र: "बच्चों को ट्रॉफी की तरह पेश करना बंद कीजिए."
माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों की रुचियों को समझें, तुलना न करें. सचिन तेंदुलकर इसलिए चमके क्योंकि परिवार ने उनका समर्थन किया.
3. नई भाषाएं सीखना है भविष्य में निवेश
मोदी मंत्र: "एक राज्य की भाषा सीखना पियानो बजाने जितना ही रोचक है."
भाषाएं आपको संस्कृति से जोड़ती हैं और आपके कम्युनिकेशन स्किल को बेहतर बनाती हैं.
4. डिजिटल फास्टिंग ज़रूरी है
मोदी मंत्र: "घर में नो-टेक ज़ोन बनाइए."
दिनभर की टेक्नोलॉजी से एक ब्रेक लें. परिवार और खुद के साथ क्वालिटी टाइम बिताना भी उतना ही ज़रूरी है जितना कि मोबाइल.
5. समय प्रबंधन का मूल मंत्र
मोदी मंत्र: "पुराने प्रश्न-पत्रों को हल करना सबसे अच्छा अभ्यास है."
बार-बार अभ्यास से समय का सदुपयोग होता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है.
6. टेक्नोलॉजी है वरदान, अगर सही उपयोग हो
मोदी मंत्र: "टेक्नोलॉजी से डरें नहीं, उसे दिशा दें."
टेक्नोलॉजी को गेम्स और सोशल मीडिया में गँवाने की बजाय सीखने और ज्ञान अर्जित करने में इस्तेमाल करें.
7. प्रतिस्पर्धा करें, लेकिन ईर्ष्या न पालें
मोदी मंत्र: "दूसरे के अच्छे अंकों से प्रेरणा लें, जलन नहीं."
आपकी प्रतियोगिता खुद से होनी चाहिए, दूसरों से नहीं. दोस्त की सफलता को अपना लक्ष्य बनाएं, दुश्मनी नहीं.
8. सिर्फ डिग्री नहीं, दिशा ज़रूरी है
मोदी मंत्र: "डिग्री आपको नौकरी दिला सकती है, लेकिन दिशा आपको मकसद देती है."
शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज में योगदान देना भी होना चाहिए.
9. खुद से संवाद करें, आत्मनिरीक्षण करें
मोदी मंत्र: "हर दिन खुद से सवाल पूछें, मैं आज क्या बेहतर कर सकता हूं?"
खुद से बातचीत करने की आदत आपको बेहतर इंसान और बेहतर छात्र बनाती है.
10. देश के लिए भी कुछ सोचें
मोदी मंत्र: "बड़े सपने खुद के लिए हों, लेकिन योगदान देश के लिए भी हो."
समाज के लिए छोटा ही सही, लेकिन कुछ करें, सफाई, वृक्षारोपण, दूसरों की मदद.
यह भी पढ़ें- RSS प्रचारक से तीन बार देश के प्रधानमंत्री बनने तक... PM Modi की कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं