Patna News: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. पालीगंज अनुमंडल के करहरा गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मरने वालों में पिता और उसके दो मासूम बेटे शामिल हैं. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और प्रशासन जांच में जुट गया है.
मेले में गोलगप्पे खाने के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, मृतक नीरज साव अपने दोनों बेटों 8 वर्षीय निर्मल और 4 वर्षीय निर्भय के साथ पास के चंदौस मेला घूमने गए थे. मेले के दौरान उन्होंने गोलगप्पे खाए थे. घर लौटने के बाद रात में तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद हालत गंभीर हो गई.
इलाज के दौरान एक-एक कर गई तीनों की जान
सबसे पहले एक बेटे की घर पर ही मौत हो गई. बाकी दो नीरज और उसका छोटा बेटा निर्भय को आनन-फानन में पालीगंज अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया. लेकिन दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पर जमा हो गए. हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस और एफएसएल की टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम (FSL) मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आशंका जताई है कि मौत का कारण फूड प्वाइजनिंग हो सकता है, हालांकि अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली वजह सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें: नीतीश कैबिनेट की बैठक में 129 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 3 फीसदी बढ़ा सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता