40 लाख लेकर पलाश ने नहीं बनाई फिल्म? धोखाधड़ी के मामले में फंसे सिंगर; केस दर्ज

संगीतकार और गायक पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं. हाल ही में क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ उनकी शादी टूटने की खबरों को लेकर चर्चा में रहे पलाश पर अब धोखाधड़ी का गंभीर आरोप सामने आया है.

Palash Muchhal accused 40 lakh fraud case after break marriage with smrithi
Image Source: Social Media

संगीतकार और गायक पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं. हाल ही में क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ उनकी शादी टूटने की खबरों को लेकर चर्चा में रहे पलाश पर अब धोखाधड़ी का गंभीर आरोप सामने आया है. महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक अभिनेता और फिल्म निर्माता ने पलाश के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें करोड़ों नहीं बल्कि लाखों की ठगी का दावा किया गया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सांगली निवासी 34 वर्षीय अभिनेता-निर्माता विद्यान माने ने पलाश पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है. इस मामले में सांगली पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है.

फिल्म में निवेश का दिया गया था झांसा

शिकायत के अनुसार, पलाश मुच्छल और विद्यान माने की पहली मुलाकात 5 दिसंबर 2023 को सांगली में हुई थी. इस दौरान बातचीत के क्रम में फिल्म निर्माण को लेकर चर्चा हुई. विद्यान का दावा है कि जब उन्होंने फिल्ममेकिंग में निवेश की इच्छा जताई, तो पलाश ने उन्हें अपनी आने वाली फिल्म ‘नजरिया’ में निवेश करने का प्रस्ताव दिया. आरोप है कि पलाश ने कहा था कि फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने के बाद निवेशकों को अच्छा मुनाफा मिलेगा. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि 25 लाख रुपये के निवेश पर 12 लाख रुपये का फायदा होगा और साथ ही विद्यान को फिल्म में एक किरदार भी दिया जाएगा.

मार्च 2025 तक दिए गए 40 लाख रुपये

शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद दोनों के बीच दोबारा मुलाकातें हुईं और धीरे-धीरे मार्च 2025 तक पलाश को कुल 40 लाख रुपये सौंप दिए गए. लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो फिल्म पूरी हुई और न ही निवेश से जुड़े वादे पूरे किए गए. जब विद्यान ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें कथित तौर पर पलाश की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने सांगली पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस कर रही है प्रारंभिक जांच

सांगली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है. फिलहाल एफआईआर दर्ज करने को लेकर प्रक्रिया चल रही है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. वहीं, पलाश मुच्छल की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

शादी टूटने के बाद बढ़ीं मुश्किलें

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पलाश मुच्छल की निजी जिंदगी पहले ही उथल-पुथल में है. गौरतलब है कि पलाश और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी. हालांकि, स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शादी को टाल दिया गया था. इसके कुछ समय बाद पलाश ने एक बयान जारी कर यह साफ कर दिया कि उन्होंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है. साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग को लेकर भी दुख जताया था.

पलाश मुच्छल का वर्क फ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो पलाश मुच्छल इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्होंने कई लोकप्रिय गानों में संगीत दिया है, जिनमें ‘तू ही है आशिकी’, ‘नचले तू’, ‘नाच बसंती’, ‘तेरी एक हंसी’, ‘मुसाफिर’, ‘किनारा’ और ‘खुदा के बंदे’ जैसे गाने शामिल हैं. इसके अलावा, पलाश ने ‘अर्ध’ और ‘काम चालू है’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है.

यह भी पढ़ें: इधर आओ मेरी जान… भरी महफिल में पवन सिंह ने किसपर लुटाया प्यार? VIDEO वायरल