इस्लामाबाद: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने अफगानिस्तान और तालिबान को लेकर एक बड़ा और विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने भारत पर तालिबान के जरिए "प्रॉक्सी वॉर" लड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि यदि पाकिस्तान को उकसाया गया तो वह जवाबी सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा. आसिफ ने यह बयान एक स्थानीय समाचार चैनल जियो न्यूज को दिए गए इंटरव्यू के दौरान दिया.
तालिबान के फैसलों में भारत की भूमिका का आरोप
आसिफ ने दावा किया कि अफगान तालिबान के फैसले अब काबुल में नहीं, बल्कि दिल्ली में लिए जा रहे हैं. उनके अनुसार, भारत अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ कर रहा है, जो एक प्रॉक्सी वॉर की स्थिति पैदा कर रहा है. उन्होंने कहा, "मुझे शक है कि यह जो युद्धविराम हुआ है, वह ज्यादा देर नहीं टिकेगा, क्योंकि तालिबान को दिल्ली से समर्थन मिल रहा है."
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पाकिस्तान और तालिबान के बीच पिछले कुछ दिनों से भारी तनाव और हिंसक झड़पें जारी हैं.
उकसावे में जवाबी हमला होगा: आसिफ
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने साफ चेतावनी दी कि अगर उनकी संप्रभुता पर हमला होता है या उन्हें उकसाया जाता है, तो पाकिस्तान के पास हर प्रकार की जवाब देने की क्षमता है. उन्होंने कहा, "हम पर हमला किया गया तो हम चुप नहीं बैठेंगे. अगर युद्ध को आगे बढ़ाया गया, तो हम भी हमले करेंगे. लेकिन अगर तालिबान वार्ता के लिए तैयार होता है, तो हम भी बातचीत का रास्ता खुला रखेंगे."
📹 Kabul is Fighting Delhi's Proxy War! - 🇵🇰 DefMin Makes BIZZARE Claim Amid 🇦🇫 Tensions
— RT_India (@RT_India_news) October 16, 2025
Khwaja Asif expressed his doubts on whether the current ceasefire will hold.
Does that mean... that India also pressurised Pakistan into agreeing to a ceasefire?!!? pic.twitter.com/HHM7ZzOpU6
पाकिस्तानी टैंकों की लूट को बताया अफवाह
बीते कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए हैं जिनमें तालिबानी लड़ाके कथित तौर पर पाकिस्तानी टैंकों के साथ नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों के माध्यम से दावा किया जा रहा था कि तालिबान ने पाकिस्तान से टैंक लूट लिए हैं.
हालांकि ख्वाजा आसिफ ने इस पूरे मामले को अफवाह और झूठा प्रचार करार दिया है. उन्होंने कहा, "जिन टैंकों की बात हो रही है, वो मॉडल पाकिस्तान की सेना में इस्तेमाल नहीं होते. मुझे नहीं पता उन्होंने ये टैंक कहां से लिए हैं, हो सकता है किसी कबाड़ी बाजार से खरीदे हों या पुराने जमाने की कोई गाड़ी चला रहे हों. ये सारी तस्वीरें और वीडियो नकली हैं और लोगों को गुमराह करने के लिए फैलाई जा रही हैं."
अफगानिस्तान पर झूठ फैलाने का आरोप
ख्वाजा आसिफ ने काबुल में तालिबान नेतृत्व पर यह भी आरोप लगाया कि वे लगातार झूठ फैला रहे हैं और गलत जानकारी देकर पाकिस्तान के खिलाफ माहौल बना रहे हैं. उन्होंने तालिबान पर अफगानिस्तान की धरती से पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध छेड़ने का भी आरोप लगाया, जिसे उन्होंने एक "प्रॉक्सी वॉर" बताया.
48 घंटे का युद्धविराम और हवाई हमले
पाकिस्तान और तालिबान के बीच बीते एक हफ्ते से जारी संघर्ष के बाद हाल ही में 48 घंटे के युद्धविराम (सीजफायर) पर सहमति बनी है. यह सीजफायर बुधवार शाम से लागू हुआ है. हालांकि इससे पहले दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़पों और हमलों का सिलसिला देखा गया.
बुधवार को पाकिस्तान की वायुसेना ने काबुल और कंधार के स्पिन बोल्डक इलाकों में हवाई हमले किए. इन हमलों में करीब 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं. इन हवाई हमलों को पाकिस्तान ने अपनी सुरक्षा का हिस्सा बताया और कहा कि ये हमले केवल आतंकवादियों को निशाना बनाकर किए गए हैं.
तालिबान का जवाबी हमला
पाकिस्तानी हमलों के जवाब में तालिबान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तालिबान की ओर से पाकिस्तान के पेशावर शहर में एक ड्रोन हमला किया गया. इस हमले में एक प्लाजा के कमरे को निशाना बनाया गया, जिसे कथित रूप से खुफिया गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. यह दावा किया जा रहा है कि यह कमरा एक गोपनीय खुफिया कार्यालय था.
ये भी पढ़ें- अब दुश्मनों को चुन-चुन कर मार रहा है हमास, फिर शुरू हुआ खुनी खेल! गाजा में छिड़ेगा गृहयुद्ध?