विराट कोहली के जूते पहनकर उतरी पाकिस्तानी खिलाड़ी, फिर बरपा दिया कहर, एशिया कप में दिखा अनोखा नजारा!

महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत के बाद चर्चा में रही, लेकिन इस मैच में एक और चीज ने लोगों का ध्यान खींच लिया.

Pakistan Women Players Wearing Virat Kohli Company One 8 Shoes Video
Image Source: Social Media

महिला एशिया कप में पाकिस्तान की टीम हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत के बाद चर्चा में रही, लेकिन इस मैच में एक और चीज ने लोगों का ध्यान खींच लिया. पाकिस्तान की कुछ महिला क्रिकेटर मैदान पर विराट कोहली से जुड़े खेलों के ब्रांड ‘वन8’ के जूते पहने नजर आईं. इसके बाद मैच की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे.

नशरा संधू और ऐमान फातिमा वन8 के जूतों में

पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाज नशरा संधू और बल्लेबाज ऐमान फातिमा उन खिलाड़ियों में थीं, जिन्होंने मैच के दौरान वन8 के जूते पहने थे. भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली से जुड़े इस ब्रांड के जूते पाकिस्तानी खिलाड़ियों के पैरों में देखकर क्रिकेट फैंस ने सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं.

हालांकि, नशरा संधू के लिए यह मैच सिर्फ जूतों की वजह से खास नहीं रहा. उन्होंने गेंद से ऐसा कमाल किया कि पाकिस्तान को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

4 ओवर में 7 रन देकर 6 विकेट

हांगकांग के खिलाफ नशरा संधू ने सिर्फ 4 ओवर गेंदबाजी की और 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए. यह उनके करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा. उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने हांगकांग की टीम सिर्फ 71 रन पर सिमट गई.

इसके बाद पाकिस्तान ने 72 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ पाकिस्तानी टीम ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में भी जगह बना ली.

विराट कोहली से जुड़ा है वन8 ब्रांड

वन8 को विराट कोहली ने शुरू किया था और यह खेलों से जुड़े सामान और कपड़ों का ब्रांड है. इसे अगिलिटास के पोर्टफोलियो में शामिल किया गया है. कोहली की इस ब्रांड में बड़ी हिस्सेदारी और निवेश भी है.

यही वजह है कि पाकिस्तान की खिलाड़ियों को इस ब्रांड के जूते पहनकर खेलते देखकर सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हुई.

भारत से हार के बाद पाकिस्तान की वापसी

टूर्नामेंट में पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. भारत के खिलाफ मुकाबले में उसकी पूरी टीम केवल 55 रन पर आउट हो गई थी और उसे 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी.

लेकिन हांगकांग के खिलाफ टीम ने वापसी करते हुए 8 विकेट पर 143 रन बनाए और फिर विरोधी टीम को 71 रन पर रोक दिया. इस जीत से पाकिस्तान के ग्रुप ए में 4 अंक हो गए और वह दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गया. अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला श्रीलंका से होगा.