5 करोड़ जमा नहीं किए तो जाना होगा जेल... राजपाल यादव के सामने सुप्रीम कोर्ट ने रखी शर्त

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. चेक बाउंस से जुड़े मामलों में सजा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिनेता को फिलहाल राहत के लिए बड़ी रकम जमा करनी होगी.

rajpal-yadav-supreme-court-check-bounce-case-five-crore-deposit
Image Source: Social Media

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. चेक बाउंस से जुड़े मामलों में सजा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिनेता को फिलहाल राहत के लिए बड़ी रकम जमा करनी होगी. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सुनवाई के दौरान साफ कर दिया कि राजपाल यादव को सरेंडर से छूट तभी मिल सकती है, जब वह 9 सितंबर तक कोर्ट की रजिस्ट्री में 5 करोड़ रुपये जमा करें. रकम जमा नहीं होने की स्थिति में उन्हें सरेंडर कर जेल जाना पड़ सकता है.

5 करोड़ जमा करने पर मिलेगी राहत

सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए 5 करोड़ रुपये जमा कराने की शर्त रखी है. कोर्ट ने कहा कि निर्धारित समय सीमा तक रकम रजिस्ट्री में जमा होने पर ही अभिनेता को सरेंडर करने से राहत मिलेगी. इस मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी. चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामले में नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया है.

दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाई थी तीन महीने की सजा

यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट के 10 जुलाई के फैसले से जुड़ा है. हाईकोर्ट ने सात चेक बाउंस मामलों में राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए तीन महीने की साधारण कैद की सजा बरकरार रखी थी. इसी फैसले को चुनौती देते हुए राजपाल यादव और राधा यादव ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. अब शीर्ष अदालत के आदेश के बाद अभिनेता के लिए 5 करोड़ रुपये जमा करना तत्काल राहत पाने की अहम शर्त बन गया है.

फिल्म प्रोजेक्ट से शुरू हुआ था विवाद

राजपाल यादव ने हाल ही में शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में इस विवाद पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने दावा किया था कि यह केवल 5 करोड़ रुपये के कर्ज का मामला नहीं, बल्कि सिद्धांतों की लड़ाई है. अभिनेता के मुताबिक, अगर मामला सिर्फ पैसों का होता तो इसे 2012 में ही सुलझा लिया गया होता. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस विवाद की वजह से उन्हें 17 से 22 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ा है और कहा कि 5 करोड़ रुपये के विवाद ने उनके लिए करीब 17 करोड़ रुपये का नुकसान खड़ा कर दिया.