दुबई: एशिया कप 2025 अपने अंतिम और सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाम पर पहुंच चुका है. भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला 30 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस महामुकाबले से ठीक पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने तेवर साफ जाहिर कर दिए हैं. उन्होंने न सिर्फ फाइनल के लिए अपनी टीम की तैयारियों को लेकर बात की, बल्कि हाल ही में सुर्खियों में रहे हैंडशेक विवाद पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी.
सलमान आगा का भारत के खिलाफ तीखा बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे विवादित ‘हैंडशेक प्रकरण’ को लेकर सवाल किया गया तो आगा ने नपे-तुले लेकिन सख्त लहजे में जवाब दिया. उन्होंने कहा, "भारत और पाकिस्तान के मुकाबलों में भावनाएं अक्सर खेल से आगे निकल जाती हैं. लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि क्रिकेट एक जेंटलमैन का खेल है और मर्यादा हर खिलाड़ी की जिम्मेदारी है."
सलमान ने आगे जोड़ते हुए बताया कि जब उन्होंने साल 2007 में अंडर-16 क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब भी दोनों देशों के राजनीतिक रिश्ते ठीक नहीं थे, लेकिन खिलाड़ियों ने हमेशा एक-दूसरे का सम्मान किया.
उन्होंने कहा, "मैंने कभी ऐसा नहीं देखा कि किसी खिलाड़ी ने जानबूझकर हाथ मिलाने से इंकार किया हो. अगर ऐसा कुछ हुआ है, तो हमारी टीम उसका जवाब मैदान पर देगी, लेकिन खेल की सीमाओं के भीतर रहकर."
पाकिस्तान दबाव से निपटने को तैयार
पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में अब तक भारत से दो बार हार का सामना करना पड़ा है- एक बार ग्रुप स्टेज में और दूसरी बार सुपर-4 राउंड में. फाइनल से पहले ये हारें मानसिक दबाव का कारण बन सकती हैं, लेकिन कप्तान आगा इस बारे में ज्यादा चिंतित नहीं दिखे. उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि हमने कुछ मौकों पर गलतियां कीं, जिसका परिणाम हमें हार के रूप में भुगतना पड़ा. लेकिन फाइनल एक नया मौका है. हम भारतीय मीडिया या सोशल मीडिया के दबाव में नहीं हैं. हमारा पूरा ध्यान अपनी रणनीति पर है."
कप्तान ने की आत्ममंथन की बात
पाकिस्तानी कप्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आत्मनिरीक्षण करते हुए अपनी बल्लेबाज़ी को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने माना कि उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में वैसा नहीं रहा जैसा कि उनसे उम्मीद की गई थी.
आगा ने कहा, "हर परिस्थिति में 150 का स्ट्राइक रेट जरूरी नहीं होता. मुझे परिस्थितियों के अनुसार खेलना आता है, लेकिन ये भी सच है कि मुझे और बेहतर प्रदर्शन करना होगा. मैं टीम के लिए योगदान देने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं."
ये भी पढ़ें- भारत ने UN में पाकिस्तान को धोया, कर दी उम्मीद से ज्यादा बेइज्जती, 10 प्वाइंट में जानें क्या-क्या कहा?