पेशावर में अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा अधिकारी को मारा, ग्रेनेड हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल

Peshawar Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं. पेशावर के बाहरी इलाके बडाबेर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट के एक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी.

Pakistan attackers killed a security official Peshawar 5 police personnel injured grenade attack
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

Peshawar Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं. पेशावर के बाहरी इलाके बडाबेर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट के एक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी. वहीं, मोहमंद जिले में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला किया गया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पेशावर में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने सीटीडी में तैनात अधिकारी को निशाना बनाया. दोनों ने अधिकारी पर अचानक गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए. हमले में अधिकारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला

खैबर पख्तूनख्वा के मोहमंद जिले की अंबर तहसील में भी पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया. यहां दो अज्ञात हमलावरों ने पुलिस चौकी पर हैंड ग्रेनेड फेंका. ग्रेनेड हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. 

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर वहां से भागने में सफल रहे. घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह पता करने के लिए जांच शुरू कर दी है.

खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ी हिंसा

अफगानिस्तान की सीमा से लगा खैबर पख्तूनख्वा लंबे समय से आतंकी हमलों और उग्रवादी हिंसा से प्रभावित रहा है. इस इलाके में सीमा पार से लड़ाकों की आवाजाही और सुरक्षा बलों के अभियान भी लगातार होते रहे हैं.

नवंबर 2022 में सीजफायर समझौता खत्म होने के बाद से पाकिस्तान सरकार अफगानिस्तान से सटे इलाकों में होने वाले कई हमलों के लिए प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराती रही है. हालांकि, पेशावर और मोहमंद में हुई इन ताजा घटनाओं की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली. 

ये भी पढ़ें- भारत-चीन रिश्तों में फिर बढ़ी हलचल, NSA अजीत डोभाल जाएंगे चीन, इन मुद्दों पर होगी बातचीत