इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. बलूच लड़ाकों ने पशिन जिले में एक पुलिस स्टेशन पर कब्जा करने का दावा किया है. इसके बाद पुलिस स्टेशन की इमारत को विस्फोट कर उड़ा दिए जाने की खबर है. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान वहां तैनात सुरक्षाकर्मी पीछे हट गए और लड़ाकों ने स्टेशन में रखे हथियार अपने कब्जे में ले लिए.
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. इसमें कुछ लोग पुलिस स्टेशन के आसपास और सड़क पर घूमते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
पुलिस स्टेशन पर कब्जे का दावा
बलूच नेता मीर यार बलूच ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने दावा किया कि बलूच लड़ाकों ने पशिन जिले के एक अहम पुलिस स्टेशन पर कब्जा कर लिया है.
Breaking News, #BalochistanBriefing, Monitoring Desk
— Mir Yar Baloch (@miryar_baloch) August 20, 2026
20 August, 2026
Videos and images coming from the Republic of Balochistan's Pashin district where Baloch army took over the one of key police stations of Pashin district. Locals say that Saranan police station has fallen to… pic.twitter.com/aHcaXiRl6P
स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया कि सरानन पुलिस स्टेशन पर लड़ाकों ने कब्जा किया. दावा है कि इमारत को उड़ाने से पहले वहां रखे हथियार भी अपने कब्जे में ले लिए गए.
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इलाके में जमा हो गए. हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई.
स्थानीय लोगों के साथ आने का दावा
बलूच नेता ने दावा किया कि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय लोग बलूच लड़ाकों के साथ जुड़ रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस और सेना की चौकियों के खिलाफ हमले बढ़ सकते हैं.
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से भी घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
बलूच विद्रोह लंबे समय से जारी
बलूचिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोह कई वर्षों से चल रहा है. अलगाववादी संगठन लंबे समय से इस क्षेत्र को पाकिस्तान से अलग करने की मांग करते रहे हैं.
11 अगस्त को बलूच विद्रोहियों ने आजादी का ऐलान करने का दावा भी किया था. उन्होंने बलूचिस्तान को स्वतंत्र देश बताते हुए अपना झंडा जारी किया और संसद बनाने की बात कही थी.
हालांकि, दुनिया के किसी भी देश ने बलूचिस्तान को स्वतंत्र देश के तौर पर मान्यता नहीं दी है. पाकिस्तान सरकार भी बलूच अलगाववादियों के इन दावों को स्वीकार नहीं करती है.
ये भी पढ़ें- जेल से अस्पताल शिफ्ट किए गए इमरान खान, इलाका छावनी में तब्दील, बख्तरबंद गाड़ियों के साथ पुलिस तैनात