T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 काउंटडाउन शुरू हो गया है. टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही एक बड़ा विवाद छिड़ गया है. दरअसल पाकिस्तान ने टीम इंडिया के साथ खेले जाने वाले मैच का बहिष्कार किया है. जिसके बाद पूरे क्रिकेट जगत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. जहां एक तरफ पाकिस्तान अपने फैसले पर अडिग है तो वहीं दूसरी तरफ ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं ICC पाकिस्तान के खिलाफ कोई बड़ा ऐक्शन ले सकती है. अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान का फैसला उसके लिए ही नुकसानदायक साबित होगा. क्योंकि इस टीम पर मैदान पर उतरे बिना ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है.
बता दें कि आगामी 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होगा. टूर्नामेंट के पहले ही दिन टीम इंडिया बुलंद हौसले के साथ मैदान पर उतरेगी. हालांकि भारतीय टीम का सामना USA से होगा लेकिन ये टूर्नामेंट का पहला मैच नहीं होगा. इस बार वर्ल्ड कप का पहला मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा. ये मुकाबला भी 7 फरवरी को होगा लेकिन जहां भारत और अमेरिका का मुकाबला शाम 7 बजे से होगा, वहीं पाकिस्तान-नीदरलैंड वाला मैच सुबह 11 बजे से होगा.
श्रीलंका में खेलने का फैसला बन सकता है भारी
पहले से तय शेड्यूल के अनुसार पाकिस्तान अपने सभी ग्रुप मुकाबले श्रीलंका में खेलने वाला है. यही फैसला अब उसके लिए सबसे बड़ा खतरा बनता दिख रहा है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और नीदरलैंड का मुकाबला खेला जाना है, जहां मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है. पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर के बाद तेज बारिश हो सकती है, जिससे यह मैच पूरी तरह रद्द होने का खतरा है. अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान को जीत के बजाय सिर्फ एक अंक से संतोष करना पड़ेगा.
दूसरे मैच पर भी बारिश की मार का साया
पाकिस्तान का दूसरा मुकाबला 10 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ भी कोलंबो में ही खेला जाना है. यह मैच वैसे ही पाकिस्तान के लिए आसान नहीं माना जा रहा, क्योंकि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. इस बार भी मौसम पाकिस्तान की राह मुश्किल बना सकता है, क्योंकि उस दिन भी हल्की बारिश का अनुमान है. अगर यह मैच भी बारिश की भेंट चढ़ता है, तो पाकिस्तान के खाते में फिर से सिर्फ एक ही अंक आएगा.
भारत के खिलाफ मुकाबले पर संकट
पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा झटका भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला हो सकता है. अगर यह मैच राजनीतिक कारणों से नहीं खेला जाता है, तो पाकिस्तान को सीधे दो अहम अंक गंवाने पड़ेंगे. ऐसे में ग्रुप में उसकी स्थिति बेहद कमजोर हो जाएगी और आखिरी मुकाबले में उसे नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
बिना खेले ही बाहर होने का खतरा
अगर पाकिस्तान नामीबिया को हरा भी देता है, तो उसके अधिकतम चार अंक ही हो पाएंगे. दूसरी ओर अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमें अपने बाकी मुकाबले भारत में खेलेंगी, जहां मौसम की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रहने की संभावना है. इससे इन टीमों के पास भी समान या उससे ज्यादा अंक जुटाने का मौका रहेगा. ऐसे हालात में पाकिस्तान का बिना मैदान पर उतरे ही टूर्नामेंट से बाहर होना या करो या मरो की स्थिति में पहुंच जाना कोई हैरानी की बात नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: घुटने में चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हुए हर्षित राणा, अब उनकी जगह ले सकता है ये तेज गेंदबाज