इस हफ्ते OTT पर मिलेगा धांसू एंटरटेनमेंट, धमाल मचाने आ रहीं एक से बढ़कर एक फिल्में-सीरीज, देखें लिस्ट

OTT Release This Week: अगर आप हर सप्ताह नई फिल्में और वेब सीरीज देखने का इंतजार करते हैं, तो आने वाला हफ्ता आपके लिए किसी एंटरटेनमेंट फेस्टिवल से कम नहीं होने वाला.

ott-releases-july-27-august-2-movies-series Bhojpuri Bawaal The Legend of Karna
Image Source: Social Media

OTT Release This Week: अगर आप हर सप्ताह नई फिल्में और वेब सीरीज देखने का इंतजार करते हैं, तो आने वाला हफ्ता आपके लिए किसी एंटरटेनमेंट फेस्टिवल से कम नहीं होने वाला. 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर एक के बाद एक कई बड़ी फिल्में, वेब सीरीज और रियलिटी शोज रिलीज होने जा रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार लाइनअप में पौराणिक कहानी, कोर्टरूम ड्रामा, साइकोलॉजिकल थ्रिलर, मेडिकल ड्रामा, सुपरहीरो एडवेंचर और स्टंट रियलिटी शो जैसे अलग-अलग जॉनर शामिल हैं. ऐसे में हर तरह के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ नया देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं इस सप्ताह ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर कौन-कौन सी नई रिलीज आपका इंतजार कर रही हैं.

'द लीजेंड ऑफ कर्ण'

भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित एनिमेटेड सीरीज 'द लीजेंड ऑफ कर्ण' इस सप्ताह की सबसे चर्चित रिलीज में शामिल है. सीरीज में कर्ण के संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की कहानी को नए अंदाज में पेश किया गया है. एक साधारण परिवार से निकलकर हस्तिनापुर के सबसे शक्तिशाली योद्धाओं में शामिल होने तक का उनका सफर इस सीरीज की मुख्य कहानी है. इसके एपिसोड 31 जुलाई से स्ट्रीम किए जाएंगे.

'खतरों के खिलाड़ी 15'

रोहित शेट्टी एक बार फिर अपने लोकप्रिय स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के नए सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं. इस बार शो में गौरव खन्ना, रुबीना दिलैक, जैस्मीन भसीन, करण वाही, ओरी, फरहाना भट्ट समेत कई चर्चित चेहरे खतरनाक स्टंट करते नजर आएंगे. एडवेंचर और रोमांच पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह शो 1 अगस्त से जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगा.

'भोजपुरी बवाल'

भोजपुरी सिनेमा के बड़े कलाकार पहली बार एक अलग रियलिटी फॉर्मेट में एक साथ दिखाई देंगे. 'भोजपुरी बवाल' में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे सितारे नजर आएंगे. इसे भारत का पहला सेलिब्रिटी फॉलो रियलिटी शो बताया जा रहा है. दर्शक 2 अगस्त से इसके एपिसोड जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे.

'हार्ट बीट सीजन 3' 

तमिल मेडिकल ड्रामा 'हार्ट बीट' अपने तीसरे सीजन के साथ लौट रहा है. यह कहानी अस्पताल की दुनिया, दोस्ती, रिश्तों और प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती है. दीपा बालू और कार्तिक कुमार की मुख्य भूमिकाओं वाली इस सीरीज का हिंदी डब संस्करण भी उपलब्ध रहेगा. इसकी स्ट्रीमिंग 30 जुलाई से जियो हॉटस्टार पर शुरू होगी.

'चिन्ना चिन्ना आसाई' 

तमिल और मलयालम सिनेमा के कलाकार मधु और इंद्रांस अभिनीत फिल्म 'चिन्ना चिन्ना आसाई' भी इस सप्ताह ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित यह फिल्म 28 जुलाई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी. हिंदी डब वर्जन भी दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेगा.

'बालन द बॉय'

मलयालम सिनेमा की चर्चित साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'बालन द बॉय' भी इस सप्ताह ओटीटी पर दस्तक दे रही है. फिल्म में अधिशेषन के.आर., मुहम्मद जिनन, फरजाना पलाथिंगल, जीन पॉल लाल, गिरीश ए.डी. और बीना एंटनी अहम भूमिकाओं में हैं. वहीं अभिनेता टोविनो थॉमस लंबे कैमियो रोल में दिखाई देंगे. यह फिल्म 31 जुलाई से जी5 पर स्ट्रीम होगी.

'ऑब्जेक्शन माय लॉर्ड' 

तेलुगु कोर्टरूम ड्रामा 'ऑब्जेक्शन माय लॉर्ड' एक ऐसे पिता की कहानी है, जिसकी बेटी लापता हो जाती है और न्याय की तलाश में उसकी जिंदगी बदल जाती है. अदालत में इस संघर्ष को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी परशुराम निभाते हैं. मुकुल देव और श्रीकांत मेका भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. सीरीज 31 जुलाई से जी5 पर स्ट्रीम होगी.

'बैटमैन: केप्ड क्रूसेडर'

सुपरहीरो कंटेंट पसंद करने वाले दर्शकों के लिए 'बैटमैन: केप्ड क्रूसेडर' शानदार विकल्प साबित हो सकती है. एनिमेटेड सीरीज में गोथम सिटी के नए अपराधियों और बैटमैन के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा. इसके एपिसोड 31 जुलाई से स्ट्रीम किए जाएंगे.

'द डेविल वेयर्स प्राडा 2'

हॉलीवुड की चर्चित फिल्म 'द डेविल वेयर्स प्राडा' का सीक्वल अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने के लिए तैयार है. फिल्म में एक बार फिर ऐनी हैथवे, मेरिल स्ट्रीप और एमिली ब्लंट अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी. यह फिल्म 29 जुलाई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.

'रैथ'

नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली पुर्तगाली सीरीज 'रैथ' एक ऐसे युवक की कहानी है, जिसकी याददाश्त चली जाती है और उसे नई पहचान के साथ जिंदगी की शुरुआत करनी पड़ती है. एक एमएमए कोच उसे नया जीवन और नया मकसद देता है. एक्शन, सस्पेंस और इमोशनल कहानी से भरपूर यह सीरीज 29 जुलाई से स्ट्रीम होगी.

ये भी पढ़ें: मां के साथ तस्वीर शेयर कर भावुक हुए सनी देओल, फिल्म 'बंटवारा 1947' दुनिया की हर मां को किया समर्पित