सरकारी नौकरी का शानदार मौका! NTPC में निकली डिप्टी मैनेजर के पदों पर भर्ती, 2 लाख तक मिलेगी सैलरी

NTPC Recruitment 2026: सरकारी क्षेत्र में इंजीनियरिंग के बाद शानदार करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. महारत्न कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने डिप्टी मैनेजर के पदों पर भर्ती का ऐलान किया है.

ntpc-deputy-manager-recruitment-135-posts-2026
Image Source: Social Media

NTPC Recruitment 2026: सरकारी क्षेत्र में इंजीनियरिंग के बाद शानदार करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. महारत्न कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने डिप्टी मैनेजर के पदों पर भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती अभियान के तहत इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग से जुड़े उम्मीदवारों को नौकरी पाने का मौका मिलेगा. कुल 135 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी और आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त 2026 से शुरू होगी.

26 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

एनटीपीसी की इस भर्ती के लिए योग्य उम्मीदवार 12 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तारीख 26 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों को आवेदन एनटीपीसी के आधिकारिक करियर पोर्टल के माध्यम से करना होगा. भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और जरूरी निर्देश आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ उपलब्ध होंगे.

मैकेनिकल से इलेक्ट्रिकल तक 135 पद

इस भर्ती अभियान में डिप्टी मैनेजर (मैकेनिकल) के 55 पद रखे गए हैं. वहीं डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) के 40 और डिप्टी मैनेजर (कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन) के भी 40 पदों पर नियुक्तियां होंगी. इस तरह कुल 135 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने संबंधित इंजीनियरिंग क्षेत्र के अनुसार पद के लिए आवेदन करना होगा.

बीई या बीटेक के साथ अनुभव जरूरी

डिप्टी मैनेजर के इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में पूर्णकालिक बीई या बीटेक की डिग्री होना जरूरी है. चूंकि यह एनटीपीसी के ई4 ग्रेड का पद है, इसलिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में निर्धारित कार्य अनुभव भी होना चाहिए. आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.

2 लाख रुपये तक मिलेगा वेतन

एनटीपीसी में डिप्टी मैनेजर पद पर चयनित उम्मीदवारों को 70 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का आईडीए वेतनमान मिलेगा. इसके साथ महंगाई भत्ता, विभिन्न प्रकार के भत्ते, चिकित्सा सुविधा और कंपनी की ओर से मिलने वाले अन्य लाभ भी दिए जाएंगे. उम्मीदवारों का चयन आवेदन की शॉर्टलिस्टिंग के बाद साक्षात्कार या व्यक्तित्व परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा.

ऐसे करें एनटीपीसी भर्ती के लिए आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एनटीपीसी के करियर पोर्टल पर जाकर ‘करंट ओपनिंग्स’ में विज्ञापन संख्या 10/26 का चयन करना होगा. इसके बाद पंजीकरण कर व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव से जुड़ी जानकारी भरनी होगी. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट किया जा सकेगा. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: यूपी में 1625 शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ, 126 सरकारी स्कूलों में जल्द भरे जाएंगे पद