यूपी में 1625 शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ, 126 सरकारी स्कूलों में जल्द भरे जाएंगे पद

UPSSSC News: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत नए बनाए गए और अपग्रेड किए गए 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अब नियमित पदों को मंजूरी मिल गई है.

recruitment of 1,625 teachers in UP vacancies in 126 government schools to be filled soon
AI Generated

UPSSSC News: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत नए बनाए गए और अपग्रेड किए गए 126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अब नियमित पदों को मंजूरी मिल गई है.

इनमें 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल शामिल हैं. इन स्कूलों के संचालन के लिए प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक (एलटी) और कनिष्ठ सहायक के कुल 1,810 नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं.

नियमित पदों की मंजूरी मिलने के बाद इन स्कूलों में शिक्षकों और दूसरे कर्मचारियों की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है. अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस पूरी प्रक्रिया पर समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

59 इंटर कॉलेजों में इतने पद होंगे

कक्षा 6 से 12 तक चलने वाले 59 राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रत्येक स्कूल के लिए एक प्रधानाचार्य, 10 प्रवक्ता, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और दो कनिष्ठ सहायक के पद मंजूर किए गए हैं.

इन 59 स्कूलों में कुल 59 प्रधानाचार्य, 590 प्रवक्ता, 413 एलटी शिक्षक और 118 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे. प्रवक्ता के पद हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे विषयों के लिए होंगे.

इन पदों में 50 प्रतिशत भर्ती सीधे की जाएगी, जबकि बाकी 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे. सीधी भर्ती प्रवक्ता पदों के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC की भूमिका होगी.

वहीं, सहायक अध्यापक (एलटी) के सभी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे. कनिष्ठ सहायक के पदों पर भी सीधी भर्ती होगी और इसके लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

9 अपग्रेड इंटर कॉलेजों में भी पद मंजूर

कक्षा 11 और 12 के लिए अपग्रेड किए गए नौ राजकीय इंटर कॉलेजों में भी नियमित पदों को मंजूरी दी गई है. इन स्कूलों के लिए कुल नौ प्रधानाचार्य, 90 प्रवक्ता और नौ कनिष्ठ सहायक के पद बनाए गए हैं. 

प्रवक्ता पद हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे विषयों में होंगे. प्रधानाचार्य और प्रवक्ता के पदों पर भर्ती तय सेवा नियमों के अनुसार होगी. दोनों ही पदों में 50 प्रतिशत नियुक्तियां सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पदोन्नति से की जाएंगी.

58 हाईस्कूलों में भी शिक्षकों की नियुक्ति

कक्षा 9 और 10 के लिए अपग्रेड किए गए 57 राजकीय हाईस्कूल और एक नए राजकीय हाईस्कूल को मिलाकर कुल 58 स्कूलों में भी पद स्वीकृत किए गए हैं. हर स्कूल में एक प्रधानाध्यापक, सात सहायक अध्यापक (एलटी) और एक कनिष्ठ सहायक का पद होगा. इस तरह सभी 58 स्कूलों में कुल 58 प्रधानाध्यापक, 406 एलटी शिक्षक और 58 कनिष्ठ सहायक के पद होंगे.

प्रधानाध्यापक के सभी पद पदोन्नति से भरे जाएंगे. इनमें 45 प्रतिशत पद प्रवक्ता संवर्ग और 55 प्रतिशत पद सहायक अध्यापक संवर्ग से पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे. वहीं, एलटी ग्रेड के सभी पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे. इसके लिए UPPSC के माध्यम से चयन प्रक्रिया होगी.

इन विषयों के शिक्षक होंगे नियुक्त

एलटी ग्रेड के तहत हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत और कंप्यूटर विषय के शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे. कनिष्ठ सहायक पद के लिए इंटरमीडिएट पास होना जरूरी होगा. इसके साथ CCC प्रमाणपत्र और हिंदी व अंग्रेजी टाइपिंग की योग्यता भी निर्धारित की गई है.

ये भी पढ़ें- भीषण भूकंप से दहला कोलंबिया, चारों तरफ तबाही का मंजर, अब तक इतने लोगों की मौत