'मैं बिहार की सड़कों को अमेरिका के बराबर बना दूंगा...' सारण में नितिन गडकरी ने दिया वचन

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को सारण जिले के मांझी में आयोजित एक जनसभा के दौरान ऐलान किया कि वे बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसी आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाएंगे.

Nitin Gadkari said I will make the roads of Bihar like America
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

सारण (बिहार): विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान बिहार की राजनीति में विकास का मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को सारण जिले के मांझी में आयोजित एक जनसभा के दौरान ऐलान किया कि वे बिहार की सड़कों को अमेरिका जैसी आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाएंगे.

गडकरी ने मंच से कहा, "अब वो दिन दूर नहीं जब बिहार की सड़कें अमेरिका की सड़कों के बराबर होंगी. मैं बिहार के हर राष्ट्रीय राजमार्ग को वर्ल्ड स्टैंडर्ड के अनुरूप बनाऊंगा. यह मेरा वचन है. बिहार के लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दूंगा."

जनता मालिक है, हम सिर्फ सेवक- गडकरी

गडकरी ने कहा कि यह विकास जनता के पैसे से हो रहा है, और इसमें किसी राजनेता का व्यक्तिगत श्रेय नहीं है. उन्होंने कहा, "मैं आप पर कोई एहसान नहीं कर रहा हूं. यह आपका पैसा है, आप मालिक हैं और हम नौकर. हमारी जिम्मेदारी है कि हम ईमानदारी से आपकी सेवा करें. आपने हमें चुना है ताकि हम बिहार को सुखी, संपन्न और शक्तिशाली बना सकें."

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में जो भी विकास हो रहा है, उसका श्रेय जनता को जाता है. उन्होंने कहा, "अगर आपने जनार्दन सिंह को नहीं जिताया होता, एनडीए को बहुमत नहीं मिला होता, मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं बनते, तो मैं मंत्री नहीं बनता. इसलिए यह सब जनता की देन है. मैं सिर्फ आपका सेवक हूं."

किसानों और ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध

नितिन गडकरी ने मांझी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी रणधीर सिंह के समर्थन में यह सभा की. उन्होंने कहा कि मांझी गंगा और घाघरा नदियों के संगम पर स्थित है और यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि और पशुपालन पर निर्भर करती है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सबसे प्रभावी साबित हुई है. गडकरी ने कहा कि इस योजना ने बिहार के किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है.

एक से बढ़कर एक पुल और हाईवे बनाएंगे

जनसभा में गडकरी ने बिहार में चल रहे सड़क और पुल निर्माण प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम कर रही है.

उन्होंने कहा, "मैं एक से एक पुल बनाऊंगा, बिहार को उत्तर भारत के सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले राज्यों में शामिल करूंगा. कोई भी कठिनाई हमारे रास्ते की रुकावट नहीं बनेगी."

गडकरी ने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में बिहार में कई एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड कॉरिडोर और नदी पार पुलों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों को भी राजधानी पटना और पड़ोसी राज्यों से जोड़ा जाएगा.

ये भी पढ़ें- भारत के ज्‍वाइंट मिलिट्री एक्‍सरसाइज 'त्रिशूल' से पाकिस्‍तान में खौफ! ताबड़तोड़ जारी करने लगा NOTAM