बिहार में विधानसभा चुनावी माहौल चरम पर है. नेताओं के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा के सितारे भी चुनावी बयानबाजी में सक्रिय नजर आ रहे हैं. जहां हाल ही में खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच तीखी जुबानी जंग सुर्खियों में रही, वहीं अब दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने इस माहौल में कुछ अलग कर दिखाया है. उन्होंने किसी पर निशाना नहीं साधा, बल्कि अपने साथी कलाकार पवन सिंह की खुलकर तारीफ की है.
एक यूट्यूब इंटरव्यू के दौरान निरहुआ ने पवन सिंह की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि पवन सिंह को “पावर स्टार” कहा जाना पूरी तरह सही है क्योंकि उनके चाहने वाले सिर्फ बिहार या यूपी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका जलवा पूरे देश में फैला है. निरहुआ बोले कि पवन सिंह को पावर स्टार इसलिए कहा जाता है क्योंकि लोग उन्हें दिल से प्यार करते हैं. भोजपुरी सिनेमा ही नहीं, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी उनकी आवाज का जलवा है. इतने शानदार गायक बहुत कम देखने को मिलते हैं. उन पर मां सरस्वती की कृपा है. जब वो गाते हैं, तो उनका विरोधी भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाता.”
‘स्त्री 2’ के गाने से मचाया धमाल
निरहुआ ने आगे कहा कि पवन सिंह के गानों का असर केवल भोजपुरी तक सीमित नहीं है. उनका हालिया हिंदी गाना ‘आई नहीं’ (फिल्म स्त्री 2 से) लोगों के बीच सुपरहिट हो चुका है. उन्होंने कहा कि पवन सिंह का गाना ‘आई नहीं’ आज बॉलीवुड की बड़ी-बड़ी पार्टियों में बज रहा है. उनका हर गाना एक से बढ़कर एक होता है. मैंने खुद उनके गाने लंदन के डिस्को में बजते सुने हैं. ये उनकी लोकप्रियता का सबूत है.निरहुआ के मुताबिक, पवन सिंह का संगीत आज की युवा पीढ़ी को न सिर्फ झूमने पर मजबूर करता है, बल्कि भोजपुरी म्यूजिक को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी दिला रहा है.
‘हम तो बचपन से हैं पवन सिंह के फैन’
निरहुआ ने यह भी खुलासा किया कि वे पवन सिंह के बचपन से ही फैन रहे हैं. उन्होंने बताया कि जब वे खुद गायक नहीं बने थे, तब भी पवन सिंह की रिकॉर्डिंग देखने जाया करते थे. उन्होंने कहा कि हम लोग जब गाते भी नहीं थे, तब पवन सिंह गाते थे. मेरे गुरुजी की रिकॉर्डिंग टी-सीरीज़ में होती थी और हम वहां सिर्फ पवन सिंह को देखने जाते थे. उन्हें देखकर सीखते थे और सोचते थे कि कभी हम भी ऐसे ही गाएं. उनके गाने आज भी हम सुनते हैं.
‘दिल के बहुत सच्चे इंसान हैं पवन सिंह’
निरहुआ ने पवन सिंह के स्वभाव की भी तारीफ की और कहा कि वे दिल से बहुत सच्चे इंसान हैं. उन्होंने कहा कि पवन सिंह में कोई बनावटीपन नहीं है. वो जो महसूस करते हैं, वही बोलते हैं. अगर उन्हें कोई पसंद है तो साफ-साफ कहेंगे, और अगर नहीं है तो वो भी बेबाकी से बता देंगे. यही उनकी सच्चाई है, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती है.
भोजपुरी इंडस्ट्री के दो दिग्गजों की दोस्ती
निरहुआ और पवन सिंह दोनों ने भोजपुरी सिनेमा को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है. जहां पवन सिंह ने 1997 में अपने पहले गाने ‘ओढनिया वाली’ से शुरुआत की थी, वहीं निरहुआ ने 2003 में ‘निरहुआ सटल रहे’ गाने से अपनी सिंगिंग जर्नी शुरू की थी.दोनों कलाकारों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया और पर्दे पर अपनी केमिस्ट्री से दर्शकों को खूब एंटरटेन किया. अब जब निरहुआ ने अपने दोस्त और को-स्टार की इतनी तारीफ की है, तो फैंस के बीच एक बार फिर दोनों की बॉन्डिंग चर्चा में आ गई है.
यह भी पढ़ें: मिस यूनिवर्स 2025 में ब्यूटी नहीं, विवाद की चमक... कौन हैं फातिमा बॉश, जिनके साथ हुए दुर्व्यवहार पर मचा बवाल