Fatima Bosch Controversy: थाईलैंड में चल रही मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता इस बार अपनी ग्लैमर और ग्रेस से ज़्यादा विवादों की वजह से सुर्खियों में है. मंच पर सुंदरता, आत्मविश्वास और शालीनता का प्रदर्शन करने वाली इस प्रतियोगिता में अब सम्मान और गरिमा पर सवाल उठने लगे हैं. कारण है मेक्सिको की प्रतिनिधि फातिमा बॉश, जिनके साथ हुए असम्मानजनक व्यवहार ने सोशल मीडिया पर वैश्विक बहस छेड़ दी है.
दरअसल, विवाद की शुरुआत मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता से पहले आयोजित एक समारोह में हुई. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मिस यूनिवर्स थाईलैंड के निदेशक नवात इत्सराग्रिसिल ने सभी प्रतिभागियों के सामने फातिमा बॉश को थाईलैंड से जुड़े प्रोमोशनल कंटेंट पोस्ट न करने के लिए फटकार लगाई.
रिपोर्ट्स के अनुसार, नवात ने उन्हें अपने राष्ट्रीय निदेशक के निर्देशों का पालन करने के लिए “मूर्ख” (stupid) तक कह दिया. इस अपमानजनक टिप्पणी पर फातिमा ने जवाब दिया, “यह मेरी गलती नहीं कि आपको मेरे संगठन से समस्या है. मुझे ‘मूर्ख’ कहना अनुचित और अपमानजनक है.” इस पर नवात ने सुरक्षाकर्मियों को बुला लिया और उन्हें मंच से हटाने की कोशिश की.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विवाद
इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें देखा जा सकता है कि कई अन्य प्रतिभागी भी फातिमा के समर्थन में खड़ी हो गईं. जब नवात ने कहा कि “जो रहना चाहता है, बैठ जाए, जो नहीं रहना चाहता, बाहर चला जाए,” तब अधिकांश प्रतिभागियों ने खड़े रहकर फातिमा के साथ एकजुटता दिखाई.
फातिमा ने बाद में प्रेस से कहा, “उन्होंने मुझे बेवकूफ़ कहा क्योंकि उन्हें हमारे संगठन से समस्या है. मुझे लगता है कि यह मंच महिलाओं की आवाज़ का प्रतीक है और कोई भी हमारी आवाज़ नहीं दबा सकता.”
मिस यूनिवर्स संगठन की सख्त प्रतिक्रिया
विवाद बढ़ने के बाद मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन (MUO) ने थाईलैंड के निदेशक नवात के व्यवहार की कड़ी निंदा की. MUO के अध्यक्ष राउल रोचा ने कहा, “नवात एक सच्चे मेजबान होने का अर्थ भूल गए हैं. उन्होंने एक असहाय प्रतिभागी को डराने और अपमानित करने की कोशिश की, जो अस्वीकार्य है.”
संगठन ने घोषणा की है कि नवात की प्रतियोगिता में भूमिका “सीमित या पूरी तरह समाप्त” कर दी जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर भी विचार हो रहा है.
कौन हैं फातिमा बॉश?
फातिमा बॉश मेक्सिको की जानी-मानी मॉडल और मिस मैक्सिको 2025 हैं. सैंटियागो डी टीपा, टबैस्को में जन्मी फातिमा ने फैशन डिजाइन में शिक्षा प्राप्त की है. उन्होंने यूनिवर्सिडैड इबेरोअमेरिकाना (मेक्सिको), नुओवा एकेडेमिया डि बेले आरती (मिलान) और लिंडन इंस्टीट्यूट (वर्मोंट) में अध्ययन किया.
उन्होंने खुलकर बताया है कि बचपन में डिस्लेक्सिया और ADHD जैसी चुनौतियों से जूझना पड़ा, लेकिन उन्होंने इन्हें अपनी ताकत और प्रेरणा में बदला.
उनका पेजेंट करियर 2018 में शुरू हुआ, जब उन्होंने ‘फ्लोर डी ओरो’ का ताज जीता था.
महिलाओं की आवाज़ बनती फातिमा
विवाद के बाद फातिमा को न सिर्फ मेक्सिको बल्कि दुनिया भर की महिलाओं से समर्थन मिल रहा है. उनकी यह दृढ़ प्रतिक्रिया इस बात का प्रतीक बन गई है कि मिस यूनिवर्स केवल सुंदरता की नहीं, बल्कि आत्म-सम्मान और साहस की पहचान है.
यह भी पढ़ें- IND vs AUS: भारत की शानदार वापसी, चौथे T20 में ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराया; सीरीज़ में 2-1 की मिली बढ़त