Red Fort Blast: राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा खुलासा किया है. एजेंसी की ओर से अदालत में दाखिल आरोप पत्र में बताया गया है कि 10 नवंबर 2025 को हुआ वाहन-जनित आईईडी (VBIED) हमला पहले से तय योजना का हिस्सा था. हमलावर का शुरुआती निशाना चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक लाल मंदिर था, लेकिन मौके पर मौजूद भारी ट्रैफिक और पुलिस की कड़ी निगरानी ने उसकी योजना को ऐन वक्त पर बदलने के लिए मजबूर कर दिया.
लाल मंदिर के पास बदली हमले की योजना
NIA की जांच के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर उमर-उन-नबी ने विस्फोट से करीब 13 मिनट पहले अपनी आई-20 कार को लाल मंदिर के पास पार्क करने की कोशिश की थी. हालांकि, इलाके में भारी भीड़ और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण वह कार को निर्धारित जगह पर नहीं खड़ा कर सका. इसके बाद उसने योजना बदलते हुए गाड़ी को आगे बढ़ाया और लाल किले की तरफ चला गया.
13 मिनट में लाल मंदिर से लाल किले तक पहुंची कार
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि संदिग्ध कार शाम करीब 6:37 बजे लाल मंदिर के पास दिखाई दी थी. वहां पार्किंग की कोशिश नाकाम होने के बाद उमर-उन-नबी ने गाड़ी को मोड़ा और लाल किले के गेट नंबर 4 की दिशा में बढ़ गया. इसके करीब 13 मिनट बाद, शाम 6:50 बजे कार में रखे विस्फोटक में धमाका हुआ. NIA के आरोपपत्र में इस पूरे घटनाक्रम को हमले की साजिश और तैयारी से जोड़कर देखा गया है.
धमाके में 11 लोगों की मौत
जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस धमाके में 11 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 29 लोग घायल हुए थे. विस्फोट के कारण आसपास की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा. NIA के मुताबिक, संपत्ति को हुए नुकसान का अनुमान करीब 17.7 लाख रुपये लगाया गया है.
उमर-उन-नबी को बताया गया ऑपरेशनल इंचार्ज
नवंबर 2025 में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट मामले में NIA ने उमर-उन-नबी को अंसार गजवात-उल-हिंद (AGH) के कथित पुनर्जीवित आतंकी मॉड्यूल का ऑपरेशनल इंचार्ज बताया है. जांच एजेंसी के अनुसार, वह 2022 की शुरुआत से निष्क्रिय पड़े नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने और देश में आतंकी हमलों की साजिश को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था. आरोपपत्र में हमले की तैयारी, लक्ष्य और ऐन वक्त पर बदली गई योजना से जुड़े कई अहम पहलुओं का जिक्र किया गया है.
ये भी पढ़ें- DNA, कमांड मैकेनिज्म और TATP... लाल किला ब्लास्ट का मास्टरमाइंड कौन? चार्जशीट में हुए बड़े खुलासे