Delhi Film City: उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बाद अब दिल्ली में भी फिल्म सिटी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. केंद्र सरकार इसके लिए दिल्ली सरकार को करीब 486 एकड़ जमीन देगी. इसको लेकर शुक्रवार शाम एक समझौता (MOU) साइन किया जाएगा. यह करार प्रसार भारती और दिल्ली सरकार के बीच भारत मंडपम में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान होगा.
भारत में लंबे समय से बॉलीवुड का दबदबा रहा है, लेकिन अब समय बदल रहा है. देश के अलग-अलग हिस्सों में भी फिल्म और कला का तेजी से विकास हो रहा है. हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी इसका बड़ा उदाहरण है, जहां कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है. इसके अलावा भोजपुरी और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री भी पिछले कुछ सालों में तेजी से आगे बढ़ी हैं.
नोएडा में बन रही बड़ी फिल्म सिटी
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-21 में एक बड़ी फिल्म सिटी बनाने की योजना है. हालांकि इस प्रोजेक्ट पर अभी काम बहुत तेजी से नहीं चल रहा है. इसे जून 2025 में शुरू होना था, लेकिन अभी तक कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया है. बीच में डेवलपर और फिल्म निर्माता के बीच कुछ मतभेद की बात भी सामने आई थी.
फिल्म सिटी क्यों है खास?
बताया जा रहा है कि यह फिल्म सिटी जेवर एयरपोर्ट से करीब 4 किलोमीटर दूर होगी. इसका मकसद यूपी को फिल्म शूटिंग, एडिटिंग, एनीमेशन और डिजिटल मीडिया का बड़ा हब बनाना है. इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां करीब 1.5 लाख लोगों को नौकरी के अवसर मिल सकते हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि नोएडा की फिल्म सिटी कब तक पूरी होगी. लेकिन अब दिल्ली में भी फिल्म सिटी बनने की खबर एनसीआर के लोगों के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- हार्दिक पंड्या ने पुराना वादा किया पूरा, इन लोगों को दिए 10-10 लाख के चेक; लोग कर रहे जमकर तारीफ