आज के डिजिटल युग में ChatGPT जैसे AI चैटबॉट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है. पढ़ाई हो, ऑफिस का काम हो या सामान्य जानकारी चाहिए हो, लोग हर काम के लिए इन तकनीकों का सहारा लेने लगे हैं. हालांकि ये चैटबॉट्स कई बार मददगार साबित होते हैं, लेकिन हर स्थिति में इन पर भरोसा करना सही नहीं होता. कुछ मामलों में ये आपके लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकते हैं. इसलिए जानना जरूरी है कि किन बातों में AI चैटबॉट्स से सलाह लेना टालना चाहिए.
ये सलाह बिल्कुल ना लें
स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी लेना तो आसान है, लेकिन ChatGPT जैसे AI टूल्स से बीमारी की सही पहचान या इलाज के बारे में सलाह लेना खतरनाक हो सकता है. कभी-कभी ये सामान्य लक्षणों को गंभीर बीमारी बताने लगते हैं, तो कई बार गंभीर समस्या को हल्का समझा देते हैं. इसलिए किसी भी इलाज या दवा के लिए हमेशा विशेषज्ञ डॉक्टर से ही संपर्क करें.
मानसिक स्वास्थ्य पर AI का भरोसा नुकसानदेह
मानसिक परेशानी की स्थिति में ChatGPT जैसी मशीनें आपकी भावनाओं को पूरी तरह समझ नहीं पातीं. ये केवल सामान्य सुझाव ही दे सकती हैं, लेकिन असली सहारा और सही मार्गदर्शन के लिए प्रशिक्षित मनोचिकित्सक या काउंसलर से संपर्क करना बेहतर होता है. ज्यादा भरोसा करने पर आपकी समस्या और जटिल हो सकती है.
आपातकालीन स्थिति में चैटबॉट की जगह तुरंत मदद लें
जब कोई इमरजेंसी हो, जैसे कि हादसा, अचानक बीमारी या खतरे की स्थिति, तब चैटबॉट से जवाब मांगना नुकसानदेह हो सकता है. ऐसे समय में सबसे पहले अपने और अपने आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और तुरंत आपातकालीन सेवाओं को कॉल करें. वक्त बर्बाद करना जानलेवा साबित हो सकता है.
ये जानकारी शेयर करने से बचें
ChatGPT जैसे AI टूल्स पर अपनी निजी या संवेदनशील जानकारी डालना जोखिम भरा हो सकता है. आपकी जानकारी कंपनी के सर्वर पर स्टोर होती है, जो कभी-कभी गलत हाथों में भी जा सकती है. यह डेटा सुरक्षा का खतरा पैदा करता है और आपकी गोपनीयता पर असर डाल सकता है. इसलिए प्राइवेट मामलों में इन टूल्स का इस्तेमाल सावधानी से करें.
ये भी पढ़ें: दुनिया के सबसे बजट-फ्रेंडली फोन, कीमत सुनकर नहीं होगा यकीन, फायदे जान रह जाएंगे हैरान