Netflix की 5 मर्डर मिस्ट्री फिल्में देखकर उड़ जाएंगे होश, एक के बाद एक आते हैं खतरनाक ट्विस्ट

अगर आपको ऐसी फिल्मों में दिलचस्पी है, जिनमें हर कुछ देर बाद कहानी का रुख बदल जाता है और आखिरी मिनट तक यह समझना मुश्किल रहता है कि असली गुनहगार कौन है, तो मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस जॉनर आपके लिए परफेक्ट हो सकता है.

netflix-five-best-murder-mystery-movies-must-watch
Image Source: Social Media

अगर आपको ऐसी फिल्मों में दिलचस्पी है, जिनमें हर कुछ देर बाद कहानी का रुख बदल जाता है और आखिरी मिनट तक यह समझना मुश्किल रहता है कि असली गुनहगार कौन है, तो मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस जॉनर आपके लिए परफेक्ट हो सकता है. नेटफ्लिक्स पर ऐसी कई फिल्में मौजूद हैं, जिनमें क्राइम, रहस्य, इन्वेस्टिगेशन और जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिलते हैं. खास बात यह है कि इनमें से कई फिल्मों को IMDb पर भी अच्छी रेटिंग मिली है. आइए नजर डालते हैं 5 ऐसी फिल्मों पर, जो आपको कहानी के साथ आखिर तक जोड़े रखेंगी.

दृश्यम 2

अजय देवगन और तब्बू की फिल्म 'दृश्यम 2' (2022) की कहानी पहली फिल्म की घटनाओं के आगे बढ़ती है. विजय सलगांवकर अपने परिवार को बचाने के लिए पहले ही एक ऐसी कहानी तैयार कर चुका है, जिस पर पुलिस को भरोसा हो गया था. लेकिन जब केस दोबारा खुलता है तो पुलिस एक बार फिर विजय और उसके परिवार तक पहुंचने की कोशिश करती है. इसके बाद कहानी में कई ऐसे राज और मोड़ सामने आते हैं, जो दर्शकों की उम्मीदों को बदल देते हैं. फिल्म में अक्षय खन्ना, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, रजत कपूर और अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. 'दृश्यम 2' को IMDb पर 8.2 की रेटिंग मिली है.

अंधाधुन

आयुष्मान खुराना की 'अंधाधुन' (2018) सस्पेंस और ब्लैक कॉमेडी का ऐसा मिश्रण है, जिसमें हर किरदार पर शक होने लगता है. कहानी आकाश नाम के पियानो प्लेयर की है, जो दुनिया के सामने खुद को नेत्रहीन बताता है. उसकी जिंदगी उस वक्त उलट जाती है, जब वह एक घर में पहुंचता है और वहां एक व्यक्ति के मर्डर का गवाह बन जाता है. इसके बाद कहानी लगातार नए मोड़ लेती है और दर्शक भी यह तय नहीं कर पाते कि कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ. श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तब्बू, राधिका आप्टे और अनिल धवन भी नजर आते हैं. फिल्म की IMDb रेटिंग 8.2 है.

गॉन गर्ल

बेन अफ्लेक और रोसामंड पाइक स्टारर 'गॉन गर्ल' (2014) रिश्तों, रहस्य और अपराध को एक साथ जोड़ती है. कहानी निक और उसकी पत्नी एमी की है, जिनकी शादी की सालगिरह के दिन एमी अचानक गायब हो जाती है. घर से मिले कुछ सुरागों के बाद शक निक पर जाने लगता है और पुलिस जांच शुरू कर देती है. मामला मीडिया तक पहुंचता है और निक का व्यवहार भी कई सवाल खड़े करता है. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दर्शकों को एहसास होता है कि एमी के गायब होने का मामला पहली नजर में जितना आसान दिखाई देता है, असल में उतना है नहीं. फिल्म को IMDb पर 8.1 की रेटिंग मिली है.

द आयरिशमैन

रॉबर्ट डी नीरो, अल पचीनो और जो पेस्की की 'द आयरिशमैन' (2019) पारंपरिक मर्डर मिस्ट्री से अलग एक क्राइम ड्रामा है. फिल्म फ्रैंक शीरन की जिंदगी पर केंद्रित है, जो ट्रक ड्राइवर से धीरे-धीरे अपराध की दुनिया का हिस्सा बन जाता है और हिटमैन के तौर पर काम करने लगता है. इसके बाद उसकी जिंदगी गैंगस्टर्स, अपराध और सत्ता के करीब पहुंचती जाती है. फिल्म में उसके पुराने दिनों और किए गए अपराधों के साथ-साथ रिश्तों, उम्र और जिंदगी में आए बदलावों को भी दिखाया गया है. 'द आयरिशमैन' को IMDb पर 7.8 की रेटिंग मिली है.

द गर्ल विद द ड्रैगन टैटू

'द गर्ल विद द ड्रैगन टैटू' की कहानी पत्रकार मिकाएल ब्लोमक्विस्ट और हैकर लिस्बेथ सालेंडर के इर्द-गिर्द घूमती है. मिकाएल को एक अमीर परिवार की कई साल पुरानी गुमशुदगी की गुत्थी सुलझाने का जिम्मा मिलता है. परिवार की एक लड़की वर्षों पहले रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी और उसका कोई सुराग नहीं मिला था. जांच के दौरान मिकाएल की मुलाकात लिस्बेथ से होती है और दोनों मिलकर इस पुराने मामले की परतें खोलना शुरू करते हैं. जांच आगे बढ़ने पर परिवार से जुड़े कई चौंकाने वाले सच सामने आते हैं. फिल्म में क्राइम, इन्वेस्टिगेशन और सस्पेंस का मजबूत मेल देखने को मिलता है और इसे IMDb पर 7.8 की रेटिंग मिली है.

ये भी पढ़ें: अक्षय कुमार की ‘समुक’ में रजत कपूर की एंट्री की चर्चा, निभा सकते हैं अहम किरदार