तलाक की अफवाहों पर बोलीं नेहा कक्कड़, ‘मेरे पति को बेवजह मत घसीटो’; ट्रोलर्स को दिया जवाब

Neha Kakkar Divorce Rumours: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ अक्सर अपने गानों और स्टेज परफॉर्मेंस की वजह से चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ और ही रही.

Neha Kakkar Divorce Rumors singer says don't drag my husband into it
Image Source: Social Media

Neha Kakkar Divorce Rumours: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ अक्सर अपने गानों और स्टेज परफॉर्मेंस की वजह से चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ और ही रही. हाल ही में नेहा की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, जिसने उनके निजी जीवन को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया. दरअसल, इस स्टोरी में नेहा ने जिंदगी की भागदौड़, काम और रिश्तों से कुछ समय के लिए दूरी बनाने की बात कही थी. हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही देर में डिलीट कर दी गई, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुकी थी.


नेहा की इस भावुक स्टोरी को देखते ही कुछ यूजर्स ने इसे उनके और पति रोहनप्रीत सिंह के रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया. देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तलाक की चर्चाएं तेज हो गईं. नेहा इससे पहले भी अपनी निजी जिंदगी से जुड़े पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में रह चुकी हैं, लेकिन इस बार पोस्ट हटाए जाने के बाद अफवाहों ने और जोर पकड़ लिया.

नेहा कक्कड़ ने तोड़ी चुप्पी

लगातार चल रही चर्चाओं के बीच नेहा कक्कड़ ने खुद सामने आकर स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि उनके और रोहनप्रीत के रिश्ते में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है. नेहा ने फैंस से अपील करते हुए कहा कि उनके पति और परिवार को बेवजह इन बातों में न घसीटा जाए. उन्होंने भावुक अंदाज में यह भी कहा कि उनका परिवार और उनके पति ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं और आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें उनका अहम योगदान है.

निजी जिंदगी पर सबक और नई सोच

नेहा ने यह भी माना कि सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं खुलकर साझा करने से उन्होंने एक बड़ा सबक सीखा है. उन्होंने कहा कि आगे से वह अपनी पर्सनल लाइफ को पब्लिक प्लेटफॉर्म पर शेयर करने में ज्यादा सतर्क रहेंगी. सिंगर ने फैंस से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की और साफ किया कि वह अब अपने निजी मामलों पर खुलकर बात नहीं करेंगी.

शादी को लेकर क्या है सच्चाई

नेहा कक्कड़ और पंजाबी सिंगर रोहनप्रीत सिंह ने नवंबर 2020 में शादी की थी. शादी के बाद से दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी खुशहाल तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहे हैं. हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही थीं, लेकिन नेहा ने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है.

ब्रेक लेने की वजह

काम के मोर्चे पर बात करें तो नेहा ने अपनी पोस्ट में साफ कहा था कि वह फिलहाल काम, जिम्मेदारियों और रिश्तों से ब्रेक लेना चाहती हैं. उन्होंने यह भी लिखा था कि उन्हें नहीं पता यह ब्रेक कब तक चलेगा और इस दौरान वह कैमरे और पैपराजी से भी दूरी बनाए रखना चाहती हैं. इसी बयान को गलत तरीके से समझकर तलाक की अफवाहें फैलाई गईं. अंत में नेहा कक्कड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी शादीशुदा जिंदगी पूरी तरह ठीक है और फैंस को बेबुनियाद खबरों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

यह भी पढ़ें: Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस 2026 को खास बनाएंगे MM कीरावानी के सुर, देशभर के 2500 कलाकार करेंगे परफॉर्म