सुबह-सुबह कांपी धरती, नासिक से चंबा तक भूकंप के 4 झटकों से मची हलचल, जानें तीव्रता

भारत से लेकर अफगानिस्तान तक शुक्रवार की सुबह धरती के हिलने से लोगों में हलचल मच गई. महाराष्ट्र के नासिक और हिमाचल प्रदेश के चंबा में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जबकि अफगानिस्तान में लगातार दो बार भूकंप आया.

nashik-chamba-afghanistan-earthquake-tremors-friday-morning
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

भारत से लेकर अफगानिस्तान तक शुक्रवार की सुबह धरती के हिलने से लोगों में हलचल मच गई. महाराष्ट्र के नासिक और हिमाचल प्रदेश के चंबा में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जबकि अफगानिस्तान में लगातार दो बार भूकंप आया. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कुल चार भूकंप दर्ज किए गए, जिनमें सबसे तेज झटका अफगानिस्तान में आया, जिसकी तीव्रता 4.4 मापी गई. राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी जगह से जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.

नासिक और चंबा में सुबह-सुबह आया भूकंप

महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार सुबह 5 बजकर 32 मिनट 39 सेकंड पर भूकंप दर्ज किया गया. इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 रही और भूकंप का केंद्र जमीन के करीब तीन किलोमीटर नीचे था. इसका स्थान 20.461 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.748 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया. इसके बाद हिमाचल प्रदेश के चंबा में सुबह 6 बजकर 36 मिनट 28 सेकंड पर भूकंप आया. इसकी तीव्रता 3.0 और गहराई पांच किलोमीटर रही. चंबा में भूकंप का स्थान 33.131 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.585 डिग्री पूर्वी देशांतर दर्ज किया गया. दोनों जगह फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है.

अफगानिस्तान में 12 मिनट के अंतराल पर दो झटके

अफगानिस्तान में शुक्रवार सुबह लगातार दो भूकंप के झटकों से धरती हिली. पहला झटका सुबह 4 बजकर 29 मिनट 30 सेकंड पर आया, जिसकी तीव्रता 4.0 रही और इसकी गहराई 147 किलोमीटर दर्ज की गई. इसके महज 12 मिनट बाद सुबह 4 बजकर 41 मिनट 54 सेकंड पर दूसरा भूकंप आया. इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई, जबकि इसकी गहराई 136 किलोमीटर थी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन दोनों भूकंपों के बाद भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है.

पालघर में भी पहले महसूस हो चुके हैं झटके

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों में भूकंप की गतिविधियां देखने को मिली हैं. नासिक में आए भूकंप से तीन दिन पहले पालघर में भी दो बार धरती हिली थी. हालांकि, इन घटनाओं में भी किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई थी. शुक्रवार को नासिक, चंबा और अफगानिस्तान में दर्ज चार भूकंपों के बाद संबंधित क्षेत्रों में लोगों के बीच चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान को कब मिलेगा सिंधु और चिनाब नदी का पानी? सरकार ने संसद में दे दिया जवाब, जानें क्या कहा