Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक गंभीर और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से उत्पीड़ित होकर इच्छा मृत्यु की मांग की. यह मामला इतना गंभीर और संवेदनशील है कि यह ना केवल घरेलू हिंसा के जटिल पहलुओं को उजागर करता है, बल्कि भारतीय समाज में परिवार और विवाह से जुड़े कई सामाजिक मुद्दों पर भी सवाल उठाता है. पीड़ित पति सुमित सैनी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इच्छा मृत्यु की मांग की.
क्या है सुमित सैनी का मामला?
मुजफ्फरनगर के गांधीनगर कॉलोनी निवासी सुमित सैनी ने 1 जुलाई 2024 को पिंकी नाम की युवती से शादी की थी. लेकिन शादी के दूसरे दिन ही पिंकी ने उसे यह कहकर चौंका दिया कि उसकी शादी उसकी मर्जी से नहीं हुई है और वह किसी और से प्यार करती है. इसके बाद से घर में झगड़े की शुरुआत हो गई, जो धीरे-धीरे मारपीट और धमकियों में बदल गई. सुमित ने बताया कि पिंकी ने ना केवल उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि मानसिक उत्पीड़न भी किया.
पति ने क्या कहा?
सुमित सैनी ने कलेक्ट्रेट में पहुंचकर अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांग की. उन्होंने कहा, "मैं बहुत गरीब हूं, और मेरी पत्नी पिंकी से परेशान होकर मैं आपसे इच्छा मृत्यु की मांग करता हूं. मेरी शादी के दूसरे दिन ही मेरी पत्नी ने कहा कि यह शादी उसकी मर्जी से नहीं हुई है और वह किसी और से प्यार करती है. शादी के एक महीने बाद ही मेरी पत्नी ने मुझसे मारपीट शुरू कर दी."
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
सुमित ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "पिंकी ने कई बार मुझे जान से मारने की धमकी दी है और मारपीट की है. मैं कई बार उसे लेने उसके मायके भी गया, लेकिन हर बार मुझे ही मारा गया. वह कहती थी कि अगर मैंने उसका कहना नहीं माना, तो वह मुझे मरवा देगी." सुमित ने यह भी बताया कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी की उम्र उससे काफी ज्यादा है. वह 27 साल का है जबकि पिंकी 35 साल की है.
संपत्ति विवाद और परिवार के ताने
सुमित ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद पिंकी ने झगड़े को बढ़ाते हुए परिवार के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद सुमित के पिता ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया ताकि पति-पत्नी के बीच शांति बनी रहे. सुमित के मुताबिक, पिंकी ने शादी के बाद 3 लाख रुपये और कीमती सामान लेकर मायके चली गई. उन्होंने बताया कि कई बार कोर्ट में भी मामला पहुंच चुका है, लेकिन हर बार पत्नी ने झूठे आरोप लगाए और घर से बाहर भेजने की धमकी दी.
ये भी पढ़ें: शादी की जिद पर अड़ी थी गर्लफ्रेंड, तंग आकर बॉयफ्रेंड ने खुद को किया किडनैप, पुलिस के सामने उगला राज