Pakistan Airstrike Afghanistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे सीमा विवाद ने बुधवार को एक नया रूप ले लिया है, जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के स्पिन बोल्डक इलाके में हवाई हमले किए. यह हमले चमन बॉर्डर क्रॉसिंग के निकट दर्ज किए गए, जहां तीन अफगान-तालिबान चौकियों को निशाना बनाया गया. स्थानीय लोगों ने ड्रोन और लड़ाकू विमानों द्वारा बमबारी होते देखी, जिससे इलाके में भारी तबाही मची. अफगान सीमा पुलिस के मुताबिक विस्फोट के बाद क्षेत्र में काला धुआं फैल गया और आस-पास के कई घरों की खिड़कियां टूट गईं.
स्पिन बोल्डक में हुए इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उठते घने धुएं को देखा जा सकता है. इस घटना ने दोनों देशों के बीच पहले से तनावग्रस्त सीमा पर संघर्ष को और भड़का दिया है. वर्तमान जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के कुल 21 लोग इस संघर्ष में मारे गए हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार छह पाकिस्तानी पैरामिलिट्री सैनिक अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि AFP की रिपोर्ट के मुताबिक 15 अफगान नागरिक मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं.
BREAKING
— AsiaWarZone (@AsiaWarZone) October 15, 2025
Massive airstrikes by Pakistan across Afghanistan, including on the capital Kabul pic.twitter.com/KS1opBxsNL
डूरंड लाइन पर तनाव के बढ़ते साये
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब डूरंड लाइन पर दोनों देशों के बीच झड़पें लगातार जारी हैं. 11 अक्टूबर से सीमा पर अफगान बलों और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच कई हमले हुए हैं. अफगान अधिकारियों ने दावा किया था कि उन्होंने 58 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया, वहीं पाकिस्तान ने 23 सैनिकों के हताहत होने और 200 से अधिक ‘तालिबानी और आतंकियों’ के मारे जाने की बात कही है.
सीमा पार से सामान्य जनजीवन प्रभावित, व्यापार ठप
अफगान पुलिस प्रवक्ता आबिदुल्लाह उकाब ने बताया कि पाकिस्तान के साथ लगी सभी सीमा चौकियां बंद कर दी गई हैं. सोमवार को चमन बॉर्डर से करीब 1,500 अफगान नागरिकों को पैदल वापस लौटने की अनुमति दी गई, लेकिन व्यापार और आवागमन पूरी तरह ठप है. इससे दोनों देशों के बीच सैकड़ों ट्रक और यात्री फंसे हुए हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं.
जवाबी कार्रवाई में तालिबान प्रशिक्षण केंद्र को निशाना
पाकिस्तानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अफगान सेना और पाकिस्तानी तालिबान के संयुक्त हमले के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के कुर्रम ज़िले में करारा जवाब दिया. सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने तालिबान के एक बड़े प्रशिक्षण केंद्र को नष्ट कर दिया है. इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.
यह भी पढ़ें- "नाजी आतंकवाद सिर्फ हथियारों की भाषा समझता है", अब हमास पर क्यों भड़के इजरायली मंत्री बेन ग्वीर?