Mumbai-Pune Landslide : भारी बारिश से डूबी 'मायानगरी'... हवाई सेवाएं पूरी तरह रद्द!

Mumbai-Pune Landslide Air services cancelled due to heavy rain

Mumbai Rain: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन और जलभराव के कारण यातायात रोकना पड़ा है. वहीं, मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी भूस्खलन होने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. मौसम विभाग (IMD) ने ठाणे जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

पुणे से मुंबई जाने वाले एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में टनल-2 के पास भारी बारिश के दौरान भूस्खलन हुआ. राहत की बात यह रही कि उस समय वहां कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

ट्रैफिक किया गया डायवर्ट

सुरक्षा को देखते हुए सुबह करीब 4 बजे से पुणे से मुंबई जाने वाली लेन बंद कर दी गई. एहतियात के तौर पर मुंबई से पुणे जाने वाली लेन भी कुछ समय के लिए रोक दी गई.

इसके अलावा बोरघाट इलाके में भारी जलभराव के कारण भी यातायात प्रभावित हुआ. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) और ट्रैफिक पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

रेल सेवाएं भी प्रभावित

भारी बारिश का असर रेलवे पर भी पड़ा है. कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के पास भूस्खलन होने से रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ है.

इस वजह से मुंबई डिवीजन की कई ट्रेनें रद्द, देरी से चल रही हैं या दूसरे मार्ग से भेजी जा रही हैं. सड़क और रेल दोनों मार्ग प्रभावित होने से मुंबई और पुणे के बीच यात्रा मुश्किल हो गई है.