मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड, रेल सेवाएं ठप... महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, देखें Video

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन और जलभराव के कारण यातायात रोकना पड़ा है.

mumbai pune expressway landslide train services disrupted heavy rain Video
Image Source: ANI

Mumbai Rain: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन और जलभराव के कारण यातायात रोकना पड़ा है. वहीं, मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी भूस्खलन होने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. मौसम विभाग (IMD) ने ठाणे जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन

पुणे से मुंबई जाने वाले एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में टनल-2 के पास भारी बारिश के दौरान भूस्खलन हुआ. राहत की बात यह रही कि उस समय वहां कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

ट्रैफिक किया गया डायवर्ट

सुरक्षा को देखते हुए सुबह करीब 4 बजे से पुणे से मुंबई जाने वाली लेन बंद कर दी गई. एहतियात के तौर पर मुंबई से पुणे जाने वाली लेन भी कुछ समय के लिए रोक दी गई.

इसके अलावा बोरघाट इलाके में भारी जलभराव के कारण भी यातायात प्रभावित हुआ. महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) और ट्रैफिक पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

रेल सेवाएं भी प्रभावित

भारी बारिश का असर रेलवे पर भी पड़ा है. कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के पास भूस्खलन होने से रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ है.

इस वजह से मुंबई डिवीजन की कई ट्रेनें रद्द, देरी से चल रही हैं या दूसरे मार्ग से भेजी जा रही हैं. सड़क और रेल दोनों मार्ग प्रभावित होने से मुंबई और पुणे के बीच यात्रा मुश्किल हो गई है.

ठाणे में रेड अलर्ट, 100 से ज्यादा पेड़ गिरे

ठाणे में रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया. तलावपाली इलाके में तालाब का पानी सड़क पर आ गया, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ.

मौसम विभाग ने ठाणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले में 100 से ज्यादा पेड़ गिरने की जानकारी सामने आई है.

BMC ने लोगों को किया सतर्क

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड नाउकास्ट चेतावनी जारी की है.

इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लोगों से अपील की गई है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें.

पुणे में मकान पर गिरा मलबा

पुणे जिले के मावल तालुका के पाटण गांव में भी भूस्खलन की घटना हुई है. एक मकान पर मलबा गिरने से उसमें रह रहे तीन लोगों के फंसे होने की आशंका है.

सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया. फिलहाल अभियान जारी है और किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- ट्रंप के एक फोन कॉल से हटा अमेरिकी खिलाड़ी का बैन! FIFA ने दी खेलने की अनुमति, बेल्जियम बोला- शर्म करो