36 करोड़ के हीरे, 2 किलो सोना... मुंबई के रोहित पिसाल ने बनाई 39 करोड़ की साड़ी, 3 महीने में हुई तैयारी

मुंबई के रहने वाले बिजनेसमैन रोहित पिसाल इन दिनों 39 करोड़ रुपये की साड़ी को लेकर चर्चा में हैं. यह साड़ी इसलिए खास है क्योंकि इसे सोने और हीरों से तैयार किया गया है.

Mumbai man Rohit Pisal made a saree worth Rs 39 crore
Image Source: Social Media

मुंबई के रहने वाले बिजनेसमैन रोहित पिसाल इन दिनों 39 करोड़ रुपये की साड़ी को लेकर चर्चा में हैं. यह साड़ी इसलिए खास है क्योंकि इसे सोने और हीरों से तैयार किया गया है. रोहित पिसाल ने यह अनोखी साड़ी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की पत्नी माता रमाबाई आंबेडकर को उनकी जयंती (7 फरवरी) के मौके पर समर्पित की है.

कौन हैं रोहित पिसाल?

रोहित पिसाल मुंबई के जाने-माने व्यवसायी हैं. वह ज्वेलरी और गोल्ड आर्टवर्क डिजाइनर भी हैं. लोग उन्हें मीडिया में ‘गोल्डमैन’ के नाम से जानते हैं. रोहित सोना, हीरा और कीमती पत्थरों से बने खास और महंगे डिजाइन तैयार करने के लिए मशहूर हैं. उनके बनाए आर्टवर्क और शोपीस अक्सर चर्चा में रहते हैं.

39 करोड़ की साड़ी क्यों है खास?

रोहित पिसाल ने जो साड़ी बनाई है, उसकी कीमत करीब 39 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस साड़ी में करीब 36 करोड़ रुपये के हीरे लगे हैं और इसमें लगभग 2 किलो सोना इस्तेमाल किया गया है. यही वजह है कि यह साड़ी बेहद खास मानी जा रही है.

माता रमाबाई को किया समर्पित

यह साड़ी माता रमाबाई आंबेडकर की जयंती के मौके पर उन्हें समर्पित की गई है. इससे पहले भी रोहित पिसाल अपने अनोखे काम के लिए सुर्खियों में रहे हैं. उन्होंने सोने और हीरों से बना 10 करोड़ रुपये का ‘गोल्डन एप्पल’ भी तैयार किया था. यह खास कलाकृति इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है और फिलहाल थाईलैंड के रॉयल पैलेस में प्रदर्शित की जा रही है.

रोहित पिसाल का मुख्य काम सोने, हीरे और ज्वेलरी से जुड़ी कलाकृतियां डिजाइन करना और बनाना है. वह अलग-अलग तरह की लक्जरी आर्टवर्क तैयार करते हैं और उन्हें प्रदर्शनी के जरिए लोगों के सामने रखते हैं. उनके कई डिजाइन सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश भी देते हैं.

तीन महीने में तैयार हुई साड़ी

बताया जा रहा है कि 39 करोड़ की इस साड़ी को बनाने में पूरे तीन महीने का समय लगा. हालांकि साड़ी पर सोने की परत चढ़ाने का काम सिर्फ 4 घंटे में पूरा किया गया. अपनी अनोखी और महंगी डिजाइनों की वजह से रोहित पिसाल अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं.

ये भी पढ़ें: एपस्टीन फाइल के खुलासे से खतरे में कीर स्टारमर की कुर्सी, ये मुस्लिम महिला पीएम रेस में सबसे आगे