12वीं पास के लिए सुनहरा मौका, MP पुलिस में कई पदों पर निकली भर्ती, जानें A टू Z पूरी डिटेल

MPESB Police Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए भर्ती का रास्ता खुल गया है.

mpesb-police-recruitment-2026-655-posts-apply-online
Image Source: Social Media

MPESB Police Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए भर्ती का रास्ता खुल गया है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पद भरे जाएंगे. ऑनलाइन आवेदन 24 सितंबर 2026 से शुरू होंगे, जबकि उम्मीदवार 8 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकेंगे. भर्ती परीक्षा 3 नवंबर 2026 से आयोजित की जाएगी.

655 पदों पर होगी भर्ती

MPESB की इस भर्ती में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक के पद शामिल हैं. सूबेदार के सामान्य शाखा में 125 और विशेष शाखा में 10 पद निर्धारित किए गए हैं. वहीं सहायक उप निरीक्षक के सामान्य शाखा में 100, मैदानी इकाई में 370, विशेष शाखा में 25 और सीआईडी में 25 पद हैं. इस तरह दोनों पदों को मिलाकर कुल 655 रिक्तियों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

12वीं पास उम्मीदवारों को भी मौका

इन पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य है, लेकिन पद के अनुसार अतिरिक्त तकनीकी योग्यता भी मांगी गई है. सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक पद के लिए हिंदी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति, वैध CPCT हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और कंप्यूटर से संबंधित एक वर्षीय डिप्लोमा जरूरी है. वहीं सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के लिए 12वीं के साथ वैध CPCT हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा समेत निर्धारित तकनीकी योग्यताएं मान्य होंगी.

उम्र सीमा में मिलेगी छूट

उम्मीदवार की आयु की गणना 8 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी. सामान्य वर्ग के पुरुष और मध्य प्रदेश के बाहर के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष रखी गई है. मध्य प्रदेश की सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों और राज्य के SC, ST व OBC पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष है. विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों और अन्य निर्धारित श्रेणियों को नियमों के अनुसार अतिरिक्त आयु छूट का लाभ मिलेगा. अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के पात्र मध्य प्रदेश निवासी उम्मीदवारों को भी अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिल सकती है.

सैलरी कितनी मिलेगी?

चयन के बाद सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को 36,200 रुपये से लेकर 1,14,800 रुपये तक का वेतन मिलेगा. वहीं सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) पद के लिए वेतनमान 19,500 रुपये से 62,000 रुपये निर्धारित किया गया है. भर्ती में चयनित उम्मीदवारों के लिए लागू नियमों के तहत पेंशन की व्यवस्था भी रहेगी.

लिखित परीक्षा के बाद होगा स्किल टेस्ट

उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और इसे हल करने के लिए 2 घंटे मिलेंगे. लिखित परीक्षा के बाद पद और श्रेणी के अनुसार उपलब्ध पदों की संख्या के सात गुना उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. कौशल परीक्षा भी 100 अंकों की होगी और इसमें न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा. सूबेदार आशुलिपिक पद के लिए हिंदी आशुलिपि की दो परीक्षाएं होंगी, जबकि एएसआई पद के लिए हिंदी टाइपिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा.

आवेदन फीस कितनी है?

MPESB भर्ती के लिए सामान्य वर्ग के सीधे आवेदन की फीस 500 रुपये और मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के सीधे आवेदन की फीस 250 रुपये है. विभागीय आवेदन करने पर सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित है. कियोस्क के जरिए आवेदन करने पर 60 रुपये पोर्टल फीस और रजिस्टर्ड यूजर के लिए 20 रुपये पोर्टल फीस देनी होगी. आवेदन में सुधार करने पर 20 रुपये सुधार शुल्क के साथ 40 रुपये पोर्टल फीस निर्धारित की गई है. उम्मीदवार 24 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.

ये भी पढ़ें: UPPSC PCS Result: यूपीपीएससी मेन्स परीक्षा का रिजल्ट जारी, 2,297 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट